न्यूनतम वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर बांग्लादेश में कपड़ा कर्मचारियों का प्रदर्शन, सड़कों पर उतरे श्रमिक…

 बांग्लादेश के मीरपुर में कपड़ा उद्योग से जुड़े कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कर्मचारी न्यूनतम मासिक वेतन बढ़ाकर 30000 टका करने की मांग कर रहे थे।

प्रदर्शनकारियों ने सड़क को जाम करने की कोशिश की। लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिस ने यातायात में बाधा न आने देने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हस्ताक्षेप किया।

बांग्लादेश में इस समय कपड़ा उद्योग के मजदूरों में असंतोष जारी है, जिसके चलते कई कारखाने बंद हैं और हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं।

वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक बांग्लादेश में कपड़ा कर्मचारी अधिक वेतन की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। इन प्रदर्शनों के कारण कई औद्योगिक क्षेत्रों में कारखाने बंद हो गए हैं। कर्मचारियों ने बार-बार वेतन और काम करने की स्थितियों को लेकर चिंता जताई है।

एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब 3 बजे सावर के हेमायतपुर में ‘पद्मार मोर’ पर कर्मचारियों का एक समूह इकट्ठा हुआ। बाद में पुलिस ने उनसे शांतिपूर्ण तरीके से वहां से चले जाने को कहा, जिसके बाद वे बिना किसी और घटना के सड़क से हट गए।

करीब 40 कारखानों में काम हुआ प्रभावित

पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को सावर और अशुलिया औद्योगिक क्षेत्रों में लगभग 40 कारखाने बंद रहे।

इनमें से 27 कारखाने बांग्लादेश श्रम अधिनियम की धारा 13(1) के तहत बंद किए गए, जबकि 9 कारखानों को अनिश्चित काल के लिए बंद घोषित कर दिया गया। बाकी कारखानों में सामान्य अवकाश रहा।

अशुलिया इंडस्ट्रियल पुलिस-1 के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मोमिनुल इस्लाम भुइयां ने बताया कि एक कारखाने में कर्मचारियों ने लंच ब्रेक के बाद काम पर लौटने से इनकार कर दिया।

कर्मचारी परिसर के अंदर ही बैठे रहे, जिसके बाद प्रबंधन ने वहां छुट्टी घोषित कर दी। दो अन्य कारखानों के कर्मचारियों ने भी काम रोक दिया और अपने-अपने कारखानों के अंदर धरना दिया।

उन्होंने आगे बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों के अन्य कारखानों में कर्मचारी शांतिपूर्ण तरीके से अपना काम करते रहे।

शेख हसीना के गृह जिले में बढ़ाई सुरक्षा

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वहां कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की 10 प्लाटून तैनात की गई हैं।

सोमवार को एक बयान में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश ने कहा कि संभावित गड़बड़ी से निपटने के लिए बख्तरबंद वाहन (आर्मर्ड पर्सनल कैरियर) तैनात किए गए हैं, जबकि सुरक्षा अभियानों की निगरानी के लिए बॉडी-वर्न कैमरे और ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है।

यह तैनाती गोपालगंज में फिर से शुरू हुई राजनीतिक गतिविधियों के बीच हुई है। दिसंबर में हसीना के बांग्लादेश लौटने की खबरों के बाद, अवामी लीग के समर्थकों ने वहां प्रदर्शन किए हैं।

जुलाई 2024 के विद्रोह के दौरान मानवता के खिलाफ अपराधों से जुड़े एक मामले में 17 नवंबर 2025 को बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल-1 ने हसीना को मौत की सजा सुनाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *