आंध्र प्रदेश में ONGC के गैस कुएं में रिसाव, एक किलोमीटर का इलाका खाली; सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए 800 लोग…

आंध्र प्रदेश के बी.आर. अंबेडकर कोनासीमा जिले में मंगलवार को ONGC के एक गैस कुएं से भारी गैस रिसाव की घटना सामने आई। गैस रिसाव के चलते एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लगभग 800 लोगों को वहां से हटाना पड़ा।

इस साल जिले में ONGC की ओर से गैस लीक होने की यह कम से कम चौथी घटना है। ONGC के एक अधिकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे 216 (NH-216) के पास गेद्दाडा गांव में एक गैस कुएं पर काम चल रहा था, तभी सुबह करीब 5 बजे गैस का रिसाव शुरू हो गया।

ONGC गैस कुएं से भारी रिसाव

प्रशासन ने घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है और स्थिति को कंट्रोल में करने के लिए पानी की बौछार का इस्तेमाल किया। अधिकारी ने बताया, ‘अभी सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को काबू में करने की कोशिश कर रहे हैं। एक-दो घंटे में स्थिति और साफ हो जाएगी।’

जिला कलेक्टर महेश कुमार रविराला ने बताया कि एहतियात के तौर पर स्थानीय लोगों को बिजली के उपकरणों, लाइट या गैस स्टोव का इस्तेमाल करने से मन किया गया है।

एक किमी का इलाका खाली कराया गया 

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ‘गैस लीक वाली जगह से 1 किलोमीटर के दायरे को खाली करा लिया गया है। इसमें लगभग 400 से 500 परिवार शामिल हैं। ONGC के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। उम्मीद है कि शाम तक गैस रिसाव को रोक दिया जाएगा।’

सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाए गए लोगों के लिए जिला प्रशासन दोपहर और रात के खाने की व्यवस्था करेगा। रविराला ने निवासियों को भरोसा दिलाया कि स्थिति कंट्रोल में है।

उन्होंने कहा कि गैस होरिजेंटल रूप से फैलने के बजाय वर्टिकल यानी ऊपर की ओर जा रही है। उन्होंने कहा, ‘फिलहाल यह कोई बहुत बड़ी समस्या नहीं है।’

इससे पहले जनवरी में जिले के मोरी गांव में एक गैस कुएं में ‘ब्लोआउट’ हुआ था, जिसमें करीब पांच दिनों तक आग लगी रही थी। इस साल ONGC को ऐसी कई गैस लीक घटनाओं का सामना करना पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *