होर्मुज स्ट्रेट में एक तेल टैंकर हमला हुआ जिसके बाद वह नौसैनिक खदान (नेवल माइन) से टकरा गया और उसमें आग लग गई। इस बात की जानकारी यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने एक्स पर एक पोस्ट में दी। बताया जा रहा है कि इस इलाके में पिछले 24 घंटों में हुआ यह चौथा ऐसा हमला है।
ईरानी नौसेना ने भी इस घटना की पुष्टि की है और कहा है कि टैंकर को काफी नुकसान पहुंचा है। यूकेएमटीओ ने बताया कि उसे ओमान के पास होर्मुज से गुजर रहे एक टैंकर पर हमले की रिपोर्ट मिली है। उन्होंने बताया कि जहाज खराब हो गया है और उसके इंजन रूम में आग लग गई है। चालक दल सुरक्षित है और नुकसान कितना हुआ है इसकी जानकारी अभी आनी बाकी है।
‘नेविगेशन बंद करके जा रहा था जहाज’
ईरान की नौसेना ने कहा कि टैंकर एक प्रतिबंधित इलाके में अपना नेविगेशन बंद करके जा रहा था। ईरानी सरकारी प्रसारक इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (IRIB) द्वारा जारी एक बयान में नौसेना के जनसंपर्क विभाग ने कहा, “जिस टैंकर ने नियम तोड़ा है वह होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में प्रतिबंधित इलाके से गुजर रहा था और उसने अपने नेविगेशन सिस्टम बंद कर रखे थे।”
ईरान कई बार दे चुका है चेतावनी
ईरान ने कई मौकों पर शिपिंग ऑपरेटरों को प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र में प्रवेश करने के खिलाफ चेतावनी दी है। इस क्षेत्र में इस साल फरवरी में ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल का युद्ध शुरू होने के बाद से हफ्तों तक पाबंदियां रही हैं और लगातार संघर्ष देखने को मिला है।