रविवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला में सैकड़ों प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हो गई। ये प्रदर्शनकारी आसियान नेताओं के शिखर सम्मेलन स्थल की ओर मार्च कर रहे थे और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की यात्रा और मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष का विरोध कर रहे थे।
ट्रंप की फिलीपींस दौरा ऐसे समय में हो रही है जब उनकी रिपब्लिकन पार्टी को मिडटर्म इलेक्शन में बड़ी हार का सामना करना पड़ा है।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, फिलीपींस में लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के लिए काम करने वाले समूहों के संगठन ‘न्यू पैट्रियटिक अलायंस’ के प्रदर्शनकारियों ने शिखर सम्मेलन स्थल तक पहुंचने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद झड़प शुरू हो गई।
फिलीपींस में क्यों हो रहा विरोध प्रदर्शन?
यह विरोध प्रदर्शन 49वें आसियान नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान होने वाले कई प्रदर्शनों में से एक था। प्रदर्शनकारियों ने ट्रंप की प्रस्तावित यात्रा का विरोध करने और क्षेत्रीय मुद्दों को उठाने का संकल्प लिया। विरोध प्रदर्शन के नेता टेडी कैसीनो ने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि मार्कोस विदेशी नेताओं का स्वागत तो कर रहे हैं, लेकिन फिलीपींस के लोगों की चिंताओं को दूर करने में विफल रहे हैं। प्रदर्शनकारी नेताओं ने कहा, ‘डोनल्ड ट्रंप के लिए संदेश यह है कि यहां आपका स्वागत नहीं है।’
मार्कोस की ट्रंप से खास मुलाकात
अमेरिका और चीन के बीच अपना प्रभाव बढ़ाने की बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच, दुनिया भर के नेता इस हफ्ते कई उच्च-स्तरीय शिखर सम्मेलनों के लिए फिलीपींस आ रहे हैं।
फिलीपींस के अधिकारियों के अनुसार, मुख्य आसियान शिखर सम्मेलन की बैठकें खत्म होने के बाद, मंगलवार दोपहर को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ मनीला पहुंचने की उम्मीद है। उनकी यह यात्रा तब होगी, जब मार्कोस इस क्षेत्रीय समूह की वार्षिक अध्यक्षता सिंगापुर को सौंप देंगे।