अंतरिक्ष में इतिहास रचने को तैयार नासा का वायेजर-1, 49 साल पहले शुरू हुए सफर में तय की 26 अरब किलोमीटर की दूरी…

 मानवता के इतिहास में अंतरिक्ष अन्वेषण का एक ऐसा स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है, जो विज्ञान की सीमाओं को पार कर इंसानी जज्बे और भावनाओं को झकझोर देता है।

आज से ठीक 49 साल पहले, साल 1977 में अंतरिक्ष की असीम गहराइयों को टटोलने के लिए रवाना हुआ नासा का ‘वायेजर-1’ अब एक ऐसा मील का पत्थर छूने वाला है, जिसकी कल्पना करना भी अपने आप में एक रोमांचक अनुभव है। यह अंतरिक्ष यान पृथ्वी से एक ‘लाइट-डे’ (प्रकाश-दिवस) यानी ठीक 24 घंटे की प्रकाश यात्रा की दूरी तय करने की दहलीज पर खड़ा है।

वापस आने में लग रहा 24 घंटे का समय

इसका मतलब यह है कि ब्रह्मांड में हमारी इस नन्हीं सी दुनिया से निकलने वाले रेडियो सिग्नल को वायेजर-1 तक पहुंचने और वहां से वापस आने में अब पूरे 24 घंटे का समय लग रहा है। पृथ्वी से लगभग 26 अरब किलोमीटर (16 अरब मील) की इस अकल्पनीय दूरी तक पहुंचने वाला यह इंसानी इतिहास की पहली और इकलौती वस्तु है। जब बुधवार को ‘वायेजर-1’ उस अहम पड़ाव पर पहुंचेगा, तो उसके रेडियो सिग्नलों को प्रकाश की गति से पृथ्वी तक पहुंचने में ठीक 24 घंटे लगेंगे – दूसरे शब्दों में, एक ‘लाइट-डे’।

49 साल पुराना है अंतरिक्ष यान

इस अंतरिक्ष यान की उम्र और इसके साथ आने वाली तकनीकी चुनौतियों के बावजूद, विज्ञानियों का समर्पण और प्यार ही है जो इसे किसी जुझारू योद्धा की तरह आगे बढ़ा रहा है। 49 साल पुराना यह अंतरिक्ष यान आज भी लगातार ब्रह्मांडीय किरणों, चुंबकीय क्षेत्रों और अंतरिक्ष के दबाव से जुड़े अमूल्य वैज्ञानिक आंकड़े हमारी धरती पर भेज रहा है।

इंसानी सभ्यता का दूत बना वायेजर-1

प्रोजेक्ट मैनेजर सुजैन डाड इसे प्यार से “नेशनल ट्रेजर” यानी राष्ट्रीय खजाना बताती हैं, जो अंतरिक्ष में इंसानी सभ्यता का दूत बनकर तैर रहा है। वायेजर-1 सिर्फ एक यान नहीं है, बल्कि यह इस धरती पर बसने वाले हर एक इंसान के अतीत, वर्तमान और अस्तित्व का जीता-जागता गवाह है।

इसके साथ जुड़ी है वह प्रसिद्ध ‘गोल्डन रिकार्ड’ डिस्क, जिसमें 55 अलग-अलग भाषाओं में पृथ्वी के अभिवादन, संगीत और इंसानी जीवन की तस्वीरें दर्ज हैं। साथ ही एक बाल स्वर में गूंजता संदेश – “पृथ्वी के बच्चों की ओर से नमस्कार” – सुदूर भविष्य में किसी अन्य सभ्यता के मिलने की उम्मीद जगाता है।

इतिहास लिख रहा यान

भले ही इसे बनाने वाली पीढ़ियां बदल चुकी हों और इस यान से संपर्क बनाए रखना बेहद कठिन हो गया हो, लेकिन अंतरिक्ष के इस शून्य में यह यान आज भी इंसानी जिज्ञासा और उसकी अदम्य इच्छाशक्ति की अमर दास्तान कह रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *