छठ महापर्व को लेकर बाजार में गन्ने की मांग बढ़ गई है। छठ में गन्ने का विशेष महत्व है। अर्घ्य के सूप में गन्ना रखना शुभ माना जाता है। लोहंडा का प्रसाद गन्ने के रस में बनाए जाने के कारण भी मांग बढ़ी हुई है। यही कारण है कि बाजार में गन्ने की दुकानें सज गई हैं। लेकिन इस बार गन्ने के दाम ने व्रतियों की जेब पर बोझ बढ़ा दिया है।
स्थानीय गन्ना 220 रुपये कोरी यानी बीस गन्ना बिक रहा है, जबकि झारखंड से आया गन्ना 400 रुपये कोरी तक पहुंच गया है।
स्थानीय स्तर पर गन्ने की आवक कम
बाजार में गन्ना बेच रहे बिक्रेताओं का कहना है कि इस बार स्थानीय स्तर पर गन्ने की आवक कम हुई है। पहले आसपास के गांवों से ही पर्याप्त गन्ना आ जाता था। लेकिन जिले में नूरसराय प्रखण्ड के यमुना पुर में ही गन्ने की खेती होती है।
मांग पूरी करने के लिए झारखंड से गन्ने मंगवाना पड़ रहा है। झारखंड से आने में लगने वाले भाड़े के कारण गन्ना महंगा बिक रहा है। ट्रक भाड़ा, मजदूरी और रास्ते का खर्च जोड़ने पर प्रति कोरी 150 से 180 रुपये तक अतिरिक्त खर्च आ रहा है। यही खर्च ग्राहकों की जेब पर पड़ रहा है।
गन्ने को सूप में सजाने की परंपरा
स्थानीय गन्ना बेच रहे किसानों ने बताया कि उनका गन्ना पतला और छोटा है, लेकिन ताजा है। झारखंड का गन्ना लंबा, मोटा और देखने में आकर्षक है, इसलिए लोग उसे अधिक पसंद कर रहे हैं।
छठ में बड़े और सुंदर गन्ने को सूप में सजाने की परंपरा है। इसी कारण महंगा होने के बावजूद झारखंड के गन्ने की मांग बनी हुई है।