जब अमेरिका में एयर इमरजेंसी लगी तब हवा में थीं 4 हजार से ज्यादा फ्लाइट्स, टाइमलैप्स का वीडियो वायरल…

अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (FAA) ने जब देशव्यापी उड़ान प्रतिबंध (ग्राउंड स्टॉप) लगाया था उस समय 4,000 से अधिक विमान हवा में थे। तकनीकी और संचार खराबी के कारण लगे इस प्रतिबंध को अब हटा लिया गया है, जिसके बाद से उड़ानें धीरे-धीरे फिर से शुरू हो रही हैं।

टाइमलैप्स फुटेज में ग्राउंड स्टॉप के बाद के दो घंटों के दौरान हवाई यातायात दिखाया गया है, जिसमें उड़ानों का झुंड साफ दिखाई दे रहा है। अमेरिका में उड़ानों के ठप होने से 15 लाख से ज्यादा यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

11 हजार उड़ानें होने वाली थीं रवाना

द एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार, पूरे अमेरिका में उड़ानों के परिचालन पर रोक लगने के कारण 15 लाख से ज्यादा यात्रियों को यात्रा में रुकावट का सामना करना पड़ रहा है। समाचार एजेंसी ने बताया कि शुक्रवार को ईस्टर्न टाइम के अनुसार शाम 4 बजे के बाद अमेरिका के हवाई अड्डों से लगभग 11,000 उड़ानें रवाना होने वाली थीं, जिनमें 15 लाख से ज्यादा यात्री सवार थे।

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने देश भर में उड़ानों को रोकने का आदेश तब दिया, जब दूरसंचार व्यवस्था में आई खराबी ने देश के 22 क्षेत्रीय एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेंटरों को प्रभावित कर दिया।

रडार में आई अस्थिरता

व्हाइट हाउस में सेक्रेटरी मुल्लिन और सेक्रेटरी डफी ने इस रुकावट के लिए पुराने सिस्टम को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कांग्रेस से अपील की कि अमेरिका के एयरस्पेस इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने के लिए तकनीक में सुधार हेतु और फंड आवंटित किया जाए।

डफी ने बताया कि जब राउटर ओवरलोड हो गए तो इसके कारण हमारे रडार और हमारे केंद्रों में संचार व्यवस्था में अस्थिरता आ गई। डफी ने कहा कि एफएए ने अपनी सभी टेलीकॉम या रडार क्षमताएं नहीं खोई थीं, लेकिन अस्थिरता के कारण एहतियाती कदम के तौर पर ग्राउंड स्टॉप लागू किया गया था।

डफी ने बताया कि ग्राउंड स्टॉप के समय 3,500 से ज्यादा विमान हवा में थे। वहीं फ्लाइटराडार24 के अनुसार, जब एफएफ ने अलर्ट जारी किया तब अमेरिका जाने वाली 4,042 उड़ानें हवा में थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *