गाजा के अस्पताल में छिपे हमास कमांडर को निशाना बनाकर इजरायल का हवाई हमला, छह लोगों की मौत…

इजरायल में सत्ता बदलने की रूपरेखा तैयार हो गई है लेकिन गाजा के हालात नहीं बदल रहे हैं। गुरुवार को खान यूनिस के नासेर अस्पताल पर इजरायल के हवाई हमले में वहां पर छह लोग मारे गए और 20 घायल हुए हैं। मरने वालों में अस्पताल का एक सर्जन भी शामिल है।

इजरायली सेना ने कहा है कि अस्पताल में हमास के सीनियर कमांडर के होने की सूचना पर वहां हमला किया गया और कई आतंकियों को मार गिराया गया। पता चला था कि ये आतंकी अस्पताल में शरण लिए हुए थे और वहीं से अपनी गतिविधियां चला रहे थे।

सेना के अनुसार गाजा के कई अस्पतालों को हमास के कमांड सेंटर के रूप में इस्तेमाल होने की सूचना है। हमास ने इजरायली सेना के अस्पताल पर हमले को युद्ध अपराध करार दिया है।

पिछले एक साल से गाजा में लागू युद्धविराम के दौरान जारी इजरायल के हमलों में 1,600 से ज्यादा फलस्तीनी मारे गए हैं जबकि चार इजरायली सैनिक मारे गए हैं।

नेतन्याहू के भाषण के दौरान पत्नी सारा की बेनेट से कहासुनी

इजरायल में संसद के सत्र के दौरान प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के भाषण के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री नाफ्ताली बेनेट की टोकाटाकी से उनकी नेतन्याहू की पत्नी सारा से तीखी कहासुनी हो गई। इस दौरान सारा ने बेनेट को बेकार का आदमी कहा।

नीसेट में जिस समय नेतन्याहू बोल रहे थे उस समय दर्शक दीर्घा में सारा नेतन्याहू मौजूद थीं। भाषण के दौरान बेनेट ने नेतन्याहू से कतर के उनके रिश्ते लिए स्पष्टीकरण मांगा।

साथ ही सात अक्टूबर, 2023 को इजरायल पर हुए हमास के हमले की निष्पक्ष जांच न कराए जाने पर सवाल उठाए। इस टोकाटाकी से नाराज हुईं सारा ने बेनेट से उनके कार्यकाल में हुए कार्यों पर सवाल उठाए।

इस कहासुनी के दौरान नेतन्याहू ने अपना भाषण रोक दिया और वह सभागार में शांति होने का इंतजार करने लगे, कुछ मिनट बाद उन्होंने फिर बोलना शुरू किया।

ईरान पर हमले को लेकर ट्रंप और नेतन्याहू में तड़काभड़की

इजरायल में 27 अक्टूबर को मतगणना में बहुमत से दूर रहने पर प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बात कर उनसे ईरान पर तत्काल हमला करने के लिए कहा था।

नेतन्याहू को उम्मीद थी कि इससे इजरायल में राष्ट्रवादी भावना मजबूत होती और उन्हें अपनी सरकार बनाए रखने में मदद मिलती। लेकिन जब ट्रंप ने ईरान पर तत्काल हमला करने से इनकार किया तो नेतन्याहू उन पर भड़क गए और उसके बाद दोनों नेताओं में तीखे लहजे में तेज स्वर में टेलीफोन पर बात हुई।

मीडिया से इस वार्ता की चर्चा होने पर नेतन्याहू ने तीखे लहजे में हुई वार्ता से इनकार किया है। इस बीच नेतन्याहू सरकार ने ईरान के हमले की आशंका से इजरायली सेना की तीनों शाखाओं को बचाव और जवाब देने के लिए तैयार रहने के लिए कहा है। साथ ही इजरायल में अब खुफिया सूचनाओं की जानकारी मनोनीत प्रधानमंत्री गादी आइसेनकोट को भी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *