सैयद जावेद हुसैन (सह संपादक – छत्तीसगढ़):
धमतरी- जिला पुलिस के अलग अलग थानों द्वारा लगातार जुआ खेलने वालों पर कार्यवाहियां जारी हैं, जिनमें ठीक ठाक संख्या में जुआरी तो पुलिस की गिरफ़्त में आ रहे हैं लेकिन जप्त रकम का मामला संदिग्ध नज़र आता है उसके अलावा अब जुआरियों से जुड़ा एक नया मामला इन दिनों शहर के चौक चौराहों में आम हो रहा है, जिसमें बीते दिनों कोतवाली पुलिस द्वारा शहर के एक मोहल्ले में दबिश देकर 7 लोगों को जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़ा गया, लाखों में रकम भी जप्त की गई, लेकिन इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में जुआरियों के नाम छुपाने के लिए 3 लाख की मांग कोतवाली पुलिस द्वारा की गई जिसमें 1 लाख 50 हज़ार में सौदा तय हुआ, तुरंत रकम का लेन देन भी थाना सिटी कोतवाली परिसर में ही हुआ, इसके बावजूद जुआरियों के नाम बिना वल्दियत व पता के विज्ञप्ति में जारी कर दिए गए। जिससे जुआरी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं!
अब जो चर्चा चौक चौराहों में है उसके मुताबिक लोगों के बीच ये बात आम हो रही है कि यदि जुआ खेलना अपराध है तो फिर इस तरह से पुलिस द्वारा अपराधियों से पैसा लेना क्या है?
इसी तरह बीते दिनों शहर से लगी एक सुनसान सड़क में 3 पुलिस कर्मियों (1 एएसआई और दो आरक्षकों) द्वारा ट्रैक्टर चालक से ₹2500 के लेन देन में अब तक कोई कार्यवाही सामने नहीं आई, जबकि एक पुलिस अधिकारी द्वारा प्रतिनिधि को कॉल कर उन पैसा लेने वाले पुलिस कर्मियों की जानकारी पुलिस अधीक्षक के नाम से ली गई, बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्यवाही सामने नहीं आई।
अब उन सवालों के जवाब जिन्हें जनता तलाश रही कि पुलिस अधिकारी कर्मचारियों की इस तरह की मनमानियों पर कोई अंकुश लग पाएगा या नहीं? क्या उन घूसखोर पुलिस कर्मियों पर कार्यवाही की गाज गिरेगी या ये सिलसिला बदस्तूर जारी रहेगा? आखिर कब होंगे ये ख़ाकीधारी कटघरे में?