मुंबई में एफडीए की कार्रवाई के बाद अब रेस्टोरेंट ब्रांड्स किचन की निगरानी और स्वास्थ्य संबंधी नियमों का पालन करने को लेकर सतर्क हैं।
खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर सरकार और खाद्य सुरक्षा नियामकों द्वारा देश भर में की जा रही सख्त कार्रवाई के बीच प्रमुख रेस्टोरेंट और फूड ब्रांड्स ने सतर्कता बढ़ा दी है।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, आगामी त्योहारों के सीजन को देखते हुए, जहां सालाना बिक्री का एक बड़ा हिस्सा आता है, कंपनियों ने अपने रेस्टोरेंट किचन की आंतरिक निगरानी, ऑडिट और साफ-सफाई से जुड़े नियमों को काफी कड़ा कर दिया है।
बिगीज बर्गर के संस्थापक और सीईओ बिराजा राउत ने बताया कि उनकी केंद्रीय गुणवत्ता आश्वासन टीम अब कंपनी और फ्रेंचाइजी दोनों प्रकार के आउटलेट्स पर बिना बताए औचक निरीक्षण कर रही है। इस दौरान कच्चे माल की वैधता, हाइजीन और कोल्ड चेन के नियमों की बारीकी से समीक्षा की जा रही है।
केएफसी इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि मौजूदा विनियामक सतर्कता को देखते हुए, ब्रांड की रसोई प्रक्रियाओं और सुरक्षा प्रोटोकॉल के बारे में जानने के इच्छुक ग्राहकों को ‘किंचन टूर’ (रसोई का दौरा) कराया जा रहा है। हालांकि यह सुविधा पहले भी उपलब्ध थी, लेकिन वर्तमान माहौल में यह कदम उपभोक्ताओं का भरोसा जीतने में मदद कर रहा है।
हैदराबाद स्थित ‘आइसबर्ग ऑर्गेनिक आइसक्रीम्स’ के संस्थापक और सीईओ सुहास बी. शेट्टी ने कहा कि उन्होंने भी स्वच्छता, उपकरणों की सफाई और उत्पाद हैंडलिंग को लेकर आंतरिक निगरानी को और मजबूत किया है।
हाल के महीनों में महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे राज्यों के खाद्य और औषधि प्रशासन विभागों ने भोजनालयों, कैंटीनों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों पर गंभीर कार्रवाई शुरू की है। नियमों के उल्लंघन और हानिकारक खाद्य पदार्थों की बिक्री को लेकर कई कंपनियों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं और गोदाम सील किए गए हैं।
इस कार्रवाई के तहत डोमिनोज जैसे प्रमुख ब्रांड्स को भी जांच का सामना करना पड़ा है। यहां तक कि एफएसएसएआई ने हाल ही में दिल्ली के दो नामचीन पांच सितारा होटलों को भी नियमों के उल्लंघन पर नोटिस जारी किया है।