CM योगी के दखल के बाद नोएडा में बड़ी कार्रवाई, 3 हजार बिजली कनेक्शन काटे गए; 19 लोगों पर केस दर्ज…

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फटकार के बाद हरनंदी किनारे छिजारसी के डूब क्षेत्र में बिजली चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा के डूब क्षेत्र में पुलिस बल के साथ उतरी बिजली निगम की टीम ने 3 हजार अवैध कनेक्शन काटे। 19 लोगों के खिलाफ विजिलेंस थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। अवैध उगाही करने वालों के खिलाफ अधिकारियों ने संबंधित थानों में शिकायत भी दी है।

2017 से चल रहा बिजली चोरी का सिंडिकेट

क्षेत्र में बिजली आपूर्ति कर रहे 10 ट्रांसफार्मर जब्त किए गए। चोटपुर कॉलोनी में अवैध तार उतारे गए। हरनंदी किनारे छिजारसी के डूब क्षेत्र में 2017 से बिजली चोरी का सिंडिकेट चल रहा है।

1.8 करोड़ रुपये की बिजली चोरी

प्रशासन व बिजली विभाग की अनदेखी के बीच यहां 20 हजार से अधिक घरों में बिना कनेक्शन बिजली आपूर्ति की जा रही थी। इससे हर महीने 1.5 से 1.8 करोड़ रुपये की बिजली चोरी और अवैध वसूली हो रही थी।

13 हजार घरों में बिजली चोरी का आंकड़ा

दरअसल, स्टेट ट्रांसफार्मेशन कमीशन के सीईओ मनोज कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री के सामने इसका पर्दाफाश किया था। उन्होंने 13 हजार घरों में बिजली चोरी का आंकड़ा दिया।

असल में छिजारसी, बहलोलपुर, गढ़ी चौखंडी, सोहरखा समेत अन्य गांवों की 40 से अधिक कालोनियों में 60 हजार घरों से हर महीने 5.5 करोड़ रुपये की वसूली हो रही है। मुख्यमंत्री ने यूपी पावर कारपोरेशन के चेयरमैन आशीष गोयल को फटकार लगाते हुए जवाब तलब किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *