कर्नाटक के हुबली में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवक का पीछा कर तेज धारदार हथियारों से काटकर हत्या कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें पीड़ित सड़क पर पड़ा है और दो हमलावर उस पर हमला कर रहे हैं।
मृतक की पहचान दादापीर उदयाकर के रूप में हुई है। वे 33 वर्ष के थे और नेकर नगर, हुबली के मूल निवासी थे। पिछले आठ साल से वे पत्नी और बच्चों के साथ कल्घटगी तालुक के बोगेनगरकोप्पा में रहकर खेती कर रहे थे।
चश्मदीदों के अनुसार हमलावरों ने दादापीर का कई सौ मीटर तक पीछा किया। सामने से आ रहे दोपहिया वाहन से टकराकर वे गिर गए, जिसके बाद हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया।
हुबली-धारवाड़ पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार ने बताया कि घटना दोपहर करीब एक बजे विद्यानगर के सिद्धेश्वर पार्क इलाके में हुई। दो लोगों ने तेज हथियारों से हमला किया। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की पहचान कर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दादापीर 2015 में मारुति नाम के व्यक्ति की हत्या के मामले में आरोपी थे। 2017 में वे बरी हो गए थे। करीब चार साल पहले उनका राउडी शीट भी बंद कर दिया गया था। पुलिस जांच कर रही है कि हत्या 2015 के मामले का बदला थी या कोई और मकसद था।