नेपाल में तबाही के बीच ओडिशा सरकार का बड़ा कदम, 24×7 कंट्रोल रूम शुरू; हेल्पलाइन नंबर जारी…

 नेपाल में आई भीषण फ्लैश फ्लड में ओडिशा के खुर्दा जिले के दो पर्यटक लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों की पहचान संदीप महापात्र और उनकी पत्नी सिद्धार्थी कुमारी साहू के रूप में हुई है। इस बीच, बाढ़ के कारण नेपाल में 133 भारतीय पर्यटकों के लापता होने की खबरों से चिंता बढ़ गई है।

ओडिशा सरकार ने सक्रिय किया कंट्रोल रूम

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ओडिशा सरकार ने नई दिल्ली स्थित ओडिशा निवास में 24×7 कंट्रोल रूम शुरू किया है, ताकि राज्य के लोगों को सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

ओडिशा परिवार निदेशालय के ओएसडी प्रीतीश पंडा ने बताया कि हेल्पलाइन पर प्राप्त सूचनाओं के आधार पर जानकारी एकत्र की जा रही है। उन्होंने कहा, “हेल्पलाइन नंबर जारी होने के बाद हमें एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि खुर्दा जिले के दो लोग, जो नेपाल घूमने गए थे, वहां लापता हो गए हैं। हम लगातार उनके परिवार के संपर्क में हैं और सभी आवश्यक जानकारियां जुटाकर भारतीय दूतावास को भेज रहे हैं।”

नेपाल में मौजूद ओडिशावासियों से संबंधित जानकारी देने या अपडेट प्राप्त करने के लिए परिजन +977 9851316807 और +977 9709107500 नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।

अधिकारियों द्वारा लापता पर्यटकों की पूरी जानकारी जुटाने और उनकी स्थिति का पता लगाने के प्रयास लगातार जारी हैं।

बाढ़ से भारी तबाही

नेपाल में भारी बारिश और नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण कई क्षेत्रों में व्यापक तबाही हुई है। बाढ़ ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर दिया है और पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों के सामने गंभीर मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।

भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) के पूर्व उप महानिदेशक डॉ. शुभ्रांशु भूषण राय ने कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। 400 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। भोटे कोशी नदी अपने साथ भारी मात्रा में मिट्टी और मलबा लेकर आई, जिससे बड़े पैमाने पर विनाश हुआ। 11 बिजली परियोजनाएं, 25 सैटेलाइट टावर और 19 पुल पूरी तरह बह गए हैं।”

नेपाल में 133 भारतीय पर्यटकों के लापता होने की खबरों के बीच राहत एवं बचाव अभियान जारी है। वहीं, खुर्दा के दंपती के संबंध में अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है और ओडिशा सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *