बेंगलुरु के VIP क्लबों में दूषित खाना मिलने से हड़कंप, FDA की छापेमारी में कॉकरोच और गंदगी का खुलासा…

देश में इन दिनों अलग-अलग महानगरों में फूड सेफ्टी को लेकर लगातार कार्रवाई जारी हैं। इस बीच बेंगलुरु के कई प्रमुख और महंगे प्राइवेट क्लबों में फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) की टीमों ने किचन और फूड हैंडलिंग सुविधाओं का निरीक्षण किया। इनमें से कई क्लबों में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया।

निरीक्षण में शामिल क्लबों में सेंचुरी क्लब, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) क्लब, रेस कोर्स क्लब, बोअरिंग क्लब, कैथोलिक क्लब, बैडमिंटन क्लब, टेनिस क्लब, विजयनगर क्लब, महालक्ष्मी लेआउट क्लब और मल्लेश्वरम क्लब शामिल हैं।

इन क्लबों की सदस्यता फीस लाखों रुपये तक होती है और इनमें शहर के अमीर व प्रभावशाली लोग सदस्य हैं।

क्या-क्या मिला?

  • बोअरिंग क्लब: फर्श, कंटेनरों और कार्टनों में कॉकरोच पाए गए।
  • केएससीए क्लब: फूड हैंडलर्स की व्यक्तिगत स्वच्छता पर्याप्त नहीं थी। प्लास्टिक कटिंग बोर्ड का इस्तेमाल हो रहा था। ड्रेनेज सिस्टम जाम था और फ्रोजन स्टोरेज रूम अस्वच्छ था। शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग-अलग नहीं रखा जा रहा था। तिलापिया मछली पर जरूरी लेबल नहीं था। बर्तन धोने का क्षेत्र भी गंदा था और गर्म पानी उपलब्ध नहीं था। एक पैकेट ‘के शक्ति तूर दाल’ पर पैकिंग डेट, बैच नंबर और एमआरपी जैसी जानकारियां गायब थीं।
  • महालक्ष्मी लेआउट क्लब: स्वच्छता मानकों का पालन नहीं हो रहा था। अधिकारियों ने क्लब को नोटिस जारी किया।

छापेमारी अभी जारी है और उल्लंघनों की जानकारी अपडेट की जा रही है। कर्नाटक के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री यूटी खादर बुधवार को प्रेस ब्रीफिंग में इन निरीक्षणों का विवरण साझा करेंगे।

ये छापे हाल ही में एक प्राइवेट अस्पताल के किचन में एक्सपायर्ड कच्चे माल (आइसींग शुगर, आटा, बेकरी उत्पाद, बासी ब्रेड आदि) मिलने और लक्जरी होटलों में एक्सपायर्ड दूध व सड़ी मांस की शिकायतों के कुछ दिनों बाद हुए हैं। एफडीए ने कुछ मामलों में कानूनी कार्रवाई भी शुरू की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *