अमेरिका के मिशिगन राज्य के ग्लैडविन शहर में रहने वालों लोगों से सरकार ने एक खास अपील की है। यहां लोगों से कहा गया है कि वे टॉयलेट फ्लश न करें और बाथरूम में पानी का इस्तेमाल न करें।
ऐसा इसलिए क्योंकि सोमवार को बिजली गिरने से पानी साफ करने वाला प्लांट खराब हो गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को एक बयान जारी कर बताया कि आंधी-तूफान और उसके बाद बिजली गिरने की वजह से प्लांट ठीक से काम नहीं कर पा रहा है।
टॉयलेट का इस्तेमाल न करें
लोगों से कहा गया है कि वे अगली सूचना तक बाथरूम की सभी सुविधाओं जैसे टॉयलेट, सिंक और शॉवर का इस्तेमाल बंद कर दें। ‘द डेट्रॉइट न्यूज’ के अनुसार अधिकारियों ने कहा, ‘इस समय लोगों और कारोबारियों से कहा जा रहा है कि वे बाथरूम की सुविधाओं – जैसे टॉयलेट, सिंक, शॉवर और प्लंबिंग के अन्य सामान का इस्तेमाल न करें, क्योंकि गंदे पानी के इस्तेमाल से सीवेज बैकअप की समस्या हो सकती है।’
जल्द ठीक करने की मांग
अधिकारियों ने यह भी बताया कि शहर के इमरजेंसी मैनेजर स्थिति का जायजा लेने के लिए जा रहे हैं और नुकसान का पता लगाने और जल्द से जल्द कामकाज फिर से शुरू करने के लिए शहर के कर्मचारियों और अन्य संसाधनों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
अधिकारियों ने कहा कि और जानकारी मिलने पर आगे की अपडेट दी जाएगी। आखिरी अपडेट के अनुसार, अधिकारियों ने इन जगहों पर पोर्टेबल टॉयलेट पहुंचा दिए थे: नॉर्थ पार्क, साउथ पार्क, सिटी हॉल, ग्लैडविन फार्मर्स मार्केट और ग्लैडविन काउंटी फेयरग्राउंड्स।
लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया
कुछ लोग इस बात को लेकर परेशान थे कि वे टॉयलेट के लिए कहां जाएंगे, जबकि दूसरे लोगों ने अधिकारियों की चेतावनी पर ध्यान देने की अपील की।