खूंटी में 14-15 वर्ष की किशोरियों को निःशुल्क HPV टीका, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम पर विशेष जोर…

समाहरणालय सभागार में उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में गुरुवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कार्यक्रम के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 30 मार्च 2026 से शुरू हुए राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत अगले तीन माह तक 14 से 15 वर्ष आयुवर्ग की किशोरियों को टीका लगाया जाएगा।

यह टीकाकरण सभी सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) एवं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर नि:शुल्क उपलब्ध रहेगा, जिससे सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव हो सकेगा।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय स्थापित कर कार्य करें और लक्षित आयुवर्ग की शत-प्रतिशत किशोरियों का टीकाकरण सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन कैंसर की रोकथाम में अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए अधिक से अधिक लाभार्थियों को इससे जोड़ना जरूरी है।

बैठक में विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। साथ ही वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण, कोल्ड चेन सिस्टम के सही संचालन, निर्धारित तापमान बनाए रखने एवं नियमित रिपोर्टिंग को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

उपायुक्त ने सभी को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *