सैयद जावेद हुसैन (सह संपादक – छत्तीसगढ़):
धमतरी- नगरीय निकाय चुनावों के परिणाम आ चुके हैं जहां भाजपा ने कांग्रेस की नींव हिला डाली है। नगर निगम धमतरी में महापौर के पद पर भाजपा के रामू रोहरा ने फ़तह का परचम लहरा दिया है तो वहीं निगम के 40 वार्डों में से भाजपा ने 27 वार्डों को फ़तह कर लिया, कांग्रेस के 8 पार्षद ही जीत पाए तो 5 निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपना लोहा मनवा दिया।
मालूम हो कि महापौर की कुर्सी की दौड़ से कांग्रेस पहले ही बाहर थी, भाजपा के रामू रोहरा के अलावा 7 अन्य निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें से रामू रोहरा को कुल 38665 वोट मिले, उन्होंने महापौर की कुर्सी पर अपना कब्ज़ा जमा लिया है।
इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों में आशीष रात्रे ने 4580 वोट और अवैश हाशमी ने 3630 वोट हासिल कर पाए, बाकी के प्रत्याशी 3 अंकों से ज़्यादा वोट नहीं पा सके, इतना ही नहीं कई प्रत्याशियों के कुल वोटों से ज्यादा वोट नोटा में 1789 वोट पड़े।
जीत का परचम लहराने के बाद रामू रोहरा ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि अब धमतरी का विकास सही तरीके से होगा, तमाम मूलभूत समस्याओं के निराकरण के साथ ही नगर विकास की एक नई इबारत लिखी जाएगी। चुनाव परिणाम के बाद से भाजपा प्रत्याशियों समेत कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। जहां सभी प्रत्याशी जीतने के बाद नगर की आराध्य देवी मां बिलाईमाता मंदिर पहुंच कर माता का आशीर्वाद लिया, जिसके बाद सभी ने स्थानीय मकई चौक में जमा होकर नगर की जनता का आभार जताया।
जिले की 5 नगर पंचायतों में से 4 में खिला कमल, 1 में जमा पंजा…
बता दें नगर पंचायत आमदी से भाजपा की ज्योति साहू को 2775 व कांग्रेस की प्रत्याशी को 1613 को वोट मिले है। वहीं बात करे पार्षदों की तो भाजपा से 11, कांग्रेस से 4 प्रत्याशी को जीत मिली है।
नगर पंचायत भखारा से भाजपा की ज्योति हरख जैन को 3266 वोट, कांग्रेस की संतोषी निषाद 2627 वोट मिले है। जहां भाजपा से 12 तो कांग्रेस से 3 प्रत्याशी को जीत मिली है।
नगर पंचायत कुरूद में भाजपा की ज्योति भानू चंद्राकर को 4594 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के तपन चंद्राकर 4333 वोट में सिमटे, जहां भाजपा से 6, कांग्रेस से 9 प्रत्याशी को विजयश्री प्राप्त हुई है।
नगर पंचायत नगरी से भाजपा के बलजीत छाबड़ा को 5326 वोट व कांग्रेस के पेमन स्वर्णबेर को 2800 वोट मिले है।वही भाजपा से 11 और कांग्रेस से 3 व अन्य 1 प्रत्याशी को जीत मिली है।
मगरलोड नगर पंचायत में कांग्रेस को जीत मिली है जहां कांग्रेस के लीलेश सुरेश साहू को 2651 वोट मिले है, तो भाजपा की कविता भवानी यादव को 1517 वोट मिले। वही बात करे पार्षदों की तो भाजपा से 3 कांग्रेस से 7 व अन्य 5 प्रत्याशी को जीत मिली है। मतगणना के बाद सभी विजयी प्रत्याशियों को रिटर्निंग अधिकारी द्वारा निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।