हज-2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, पोर्टल और मोबाइल ऐप से करें रजिस्ट्रेशन…

केंद्र सरकार ने सोमवार को हज नीति-2027 की घोषणा करते हुए अगले वर्ष हज यात्रा पर जाने के इच्छुक लोगों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय ने कहा कि नई नीति का उद्देश्य हज यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है।

अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजीजू ने हज नीति-2027 जारी करते हुए बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया ने सोमवार से आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक यात्री हज-2027 के लिए आनलाइन पोर्टल और हज सुविधा मोबाइल एप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

मंत्रालय के अनुसार, डिजिटल प्रक्रिया से आवेदन करना पहले की तुलना में अधिक सरल और सुलभ होगा।

नई नीति में हज-2026 के दौरान शुरू की गई कई सुविधाओं को भी जारी रखा गया है। इनमें मीना में सोफा-कम-बेड की व्यवस्था, मक्का में अच्छे होटल सुविधाएं तथा 20 दिन का छोटा हज पैकेज शामिल हैं।

मंत्रालय का मानना है कि इन पहलों से यात्रियों को अधिक आरामदायक और व्यवस्थित सेवाएं मिलेंगी। सरकार ने संकेत दिया है कि हज कमेटी ऑफ इंडिया और निजी क्षेत्र के बीच कोटे का बंटवारा 70:30 के अनुपात में ही रहेगा।

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत हज कमेटी को 1,22,518 और निजी क्षेत्र को 52,507 सीटें मिल सकती हैं। मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारतीय हजयात्रियों के लिए हज कोटा बढ़ाने के प्रयास जारी रहेंगे।

पिछले वर्ष भारत का कुल हज कोटा 1,75,025 था। यह निर्णय हाल ही में आयोजित हज समीक्षा बैठक के बाद लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *