हिमाचल पंचायत चुनाव की घोषणा: तीन चरणों में मतदान, 7 मई से नामांकन शुरू; आचार संहिता तुरंत लागू…

हिमाचल प्रदेश पंचायत चुनाव का आज एलान हो गया। राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त अनिल खाची ने शेड्यूल तय कर दिया। प्रदेश की 3754 पंचायतों में चुनाव होंगे। आनी और नग्गर की 2 पंचायतों में कार्यकाल 2027 में पूरा होने के कारण अभी नहीं होंगे। आदर्श चुनाव आचार संहिता तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है। पंचायत चुनाव में 50 लाख 79 हजार मतदाता मतदान करेंगे।

पंचायत चुनाव तीन चरण में होंगे। 29 अप्रैल को अधिसूचना होगी। 7, 8 व 11 मई तक नामांकन प्रक्रिया होगी। 12 मई को नामांकन जांच होगी। नाम वापस लेने का समय 14 व 15 मई काे रहेगा। 26 मई को प्रथम चरण का मतदान, 28 मई को द्वितीय और 30 मई को तृतीय चरण का मतदान होगा।  

उपायुक्त जारी करेंगे जिलास्तर पर कार्यक्रम

जिला उपायुक्त कार्यक्रम जारी करेंगे, जिसके आधार पर निश्चित होगा कि तीन चरणों में कहां-कहां कब-कब मतदान होगा। पंचायत और शहरी निकाय चुनाव पर 30 से 40 करोड रुपये के व्यय का अनुमान है।

जिला परिषद व पंचायत समिति की गणना 31 को

जिला परिषद और पंचायत समिति की मतगणना 31 मई को होगी। नगर निगम चुनाव की मतगणना भी 31 मई को ही होगी। 

किस पद के लिए किस रंग का बैलेट पेपर

पंचायत सदस्य के लिए सफेद, उपप्रधान के लिए पीला, प्रधान हलका हरा बैलेट पेपर होगा। बीडीसी सदस्य के लिए गुलाबी और जिला परिषद सदस्य के लिए हल्का नीला बैलेट पेपर होगा। 

हिमाचल प्रदेश की 3754 पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान व वार्ड पंच के लिए मतदान होगा। इसके अलावा 251 जिला परिषद वार्ड और 1769 पंचायत समिति सदस्यों के लिए वोट पड़ेंगे।

पंचायतों में 31214 प्रतिनिधियों का होगा चुनाव

पंचायती राज संस्थाओं की त्रिस्तरीय प्रणाली में कुल 31214 पदाधिकारियों का चुनाव होना है, जिसमें 21678 पंचायत सदस्य, 3754 पंचायत प्रधान और उपप्रधान, 1769 पंचायत सदस्य तथा 251 जिला परिषद सदस्य शामिल हैं।

मतदाता सूचियां अधिसूचित

हिमाचल प्रदेश की सभी पंचायतों की मतदाता सूचियां अधिसूचित कर दी हैं। 27 अप्रैल तक शेष 450 पंचायतों की मतदाता सूचियां अधिसूचित की जानी थीं, जिसे लगभग पूरा कर लिया गया है। वार्ड आधार पर 20-20 कापियां भी छापी गई हैं, जिससे पंचायत चुनाव की घोषणा करने का रास्ता साफ हो गया है।

रोहड़ू व नारकंडा निकाय में 22 को होगा मतदान

जिला शिमला के रोहड़ू नगर परिषद और नारकंडा नगर पंचायत के चुनाव के लिए आधिकारिक कार्यक्रम जारी किया गया है। दोनों शहरी निकायों में मतदान 22 मई को होगा। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पांच, छह और सात मई को नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 11 मई को तीन बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे, जबकि मतदान 22 मई को सुबह सात बजे से तीन बजे तक होगा। 
रोहड़ू और नारकंडा में चुनाव की घोषणा के साथ ही प्रदेश के 53 शहरी निकायों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *