सीआईएसएफ और मंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सतर्क कर्मचारियों ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए रविवार को एक यात्री का पर्स उसे लौटा दिया।
दुबई से आने के बाद यात्री गलती से यह पर्स वहीं छोड़ गया था। इसमें 10 हजार अमेरिकी डॉलर, 500 यूएई दिरहम और अन्य कीमती सामान था।
अधिकारियों ने बताया कि सिक्योरिटी स्टाफ ने सुबह करीब सवा छह बजे पार्किंग एरिया में बैगेज ट्राली पर काला पर्स देखा और तुरंत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) को सूचना दी।
पहले की गई पर्स की जांच
मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए सीआईएसएफ टीम ने एयरपोर्ट के सिक्योरिटी आपरेशन्स कंट्रोल सेंटर को इसकी जानकारी दी।
बम का पता लगाने और उसे नष्ट करने वाले दस्ते ने पर्स की जांच की और उसमें विस्फोटक होने की संभावना को खारिज कर दिया। इसके बाद पर्स खोला गया, जिसमें पासपोर्ट, आईफोन, सोने की अंगूठी, 500 यूएई दिरहम, 10 हजार अमेरिकी डॉलर, बैंक कार्ड और बोर्डिंग पास मिला।
एयरलाइन ने ऐसे किया यात्री से संपर्क
सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि यात्री एयरपोर्ट परिसर से जा चुका था। बोर्डिंग पास का इस्तेमाल कर एयरलाइन से यात्री का संपर्क विवरण हासिल किया और उससे संपर्क कर पर्स के बारे में जानकारी दी।
इसके बाद यात्री एयरपोर्ट लौटा और अधिकारियों ने उसकी पहचान की पुष्टि के बाद पर्स और उसमें मौजूद सभी सामान उसे सौंप दिया। यात्री ने एक वीडियो संदेश के जरिये सीआइएसएफ और एयरपोर्ट अधिकारियों को धन्यवाद दिया है।