पीएम मोदी के 12 वर्षों पर अमित शाह का बयान, कहा- देश की राजनीति में आया ऐतिहासिक बदलाव…

बुधवार को देश में निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सबसे लंबे कार्यकाल तक पद पर रहने के उपलक्ष्य में जहां पूरी कैबिनेट ने खड़े होकर ताली बजाते हुए पीएम नरेंद्र मोदी का स्वागत किया वहीं शाम को भारत मंडपम में राजग के घटकदलों और मुख्यमंत्रियों ने 12 वर्षों के कार्यकाल को परिवर्तनकारी बताया।

सहयोगी दलों के शीर्ष नेताओं ने इसे केवल सरकार के 12 वर्षों का पड़ाव नहीं, बल्कि देश की राजनीतिक एवं विकास यात्रा के एक महत्वपूर्ण चरण के रूप में प्रस्तुत किया। सबने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारतीय राजनीति ने स्थिरता, निर्णायकता और प्रदर्शन आधारित शासन की नई संस्कृति विकसित की है।

गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी को स्वतंत्र भारत की राजनीति में एक विशिष्ट स्थान प्राप्त नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने 62 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा है। आजादी के बाद प्रारंभिक दशकों में कांग्रेस को स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत का लाभ मिला था, लेकिन वर्तमान दौर प्रतिस्पर्धी लोकतंत्र और प्रदर्शन आधारित राजनीति का है। ऐसे में लगातार जनता का समर्थन प्राप्त करना मोदी के नेतृत्व की लोकतांत्रिक स्वीकार्यता को दर्शाता है।

शाह ने कहा कि मोदी का कार्यकाल राजनीतिक स्थिरता, नीतिगत नवाचार, प्रभावी क्रियान्वयन, सशक्त विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि मोदी ने जातिवाद, वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को चुनौती देकर ‘पॉलिटिक्स आफ परफॉर्मेंस’ को राष्ट्रीय विमर्श के केंद्र में स्थापित किया। विकसित भारत-2047 का लक्ष्य देश के युवाओं में आत्मविश्वास पैदा करने वाला अभियान बन गया है।

गृह मंत्री ने एनडीए के विस्तार की चर्चा करते हुए कहा कि गठबंधन आज देश के बड़े हिस्से का प्रतिनिधित्व कर रहा है। उन्होंने स्टार्टअप, नवाचार, कनेक्टिविटी, निर्यात और वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को मोदी सरकार की उपलब्धियों के रूप में गिनाया और कहा कि एक सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले व्यक्ति का 25 वर्षों तक लगातार सार्वजनिक नेतृत्व करना भारतीय लोकतंत्र की एक उल्लेखनीय यात्रा है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय सुरक्षा को मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि भारत की विदेश और सुरक्षा नीति अब आत्मविश्वास से भरा है। देश न तो किसी के सामने झुकता है और न ही अनावश्यक आक्रामकता दिखाता है, बल्कि बराबरी के आधार पर संवाद करता है। उन्होंने दोहराया कि भारत की नीति स्पष्ट है- हम किसी को छेड़ेंगे नहीं, लेकिन यदि कोई चुनौती देगा तो उसका जवाब भी मजबूती से दिया जाएगा।

राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लाल किले से जिस मजबूत रक्षा ढांचे और आधुनिक सुरक्षा प्रणाली की परिकल्पना रखी थी, उस दिशा में तेजी से काम हो रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रश्न पर सरकार किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और देश के दुश्मनों को उचित जवाब दिया जाएगा।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी को इस सदी के सबसे प्रभावशाली नेताओं में से एक बताते हुए कहा कि उनका नेतृत्व केवल सरकार चलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह सहयोगी दलों और राज्यों को भी नई ऊर्जा प्रदान करता है। नायडू ने कहा कि बुनियादी ढांचे के विकास, गरीब कल्याण और प्रशासनिक सुधारों के क्षेत्र में मोदी सरकार ने नए मानदंड स्थापित किए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल होगा।

केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि मोदी सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का रिकार्ड बना चुके हैं, जो जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पीएम मोदी को 140 करोड़ भारतीयों के स्वाभिमान, राष्ट्रीय सुरक्षा और गरीब कल्याण का प्रतीक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *