भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव एवं प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, साथ ही भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा द्वारा हाल ही में घोषित युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी में भिलाई के युवा नेता एवं भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष अमित मिश्रा को प्रदेश आईटी सह प्रमुख के दायित्व से नियुक्त किया गया है।
उल्लेखनीय है कि अमित मिश्रा ने भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रहते हुए विपक्ष के दौर में जिले से लेकर राजधानी तक हुए विभिन्न आंदोलनों का सक्रिय नेतृत्व किया।
सरकार गठन के पश्चात भी उन्होंने पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम को मंडल एवं बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुँचाकर संगठन को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विधानसभा, लोकसभा एवं त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में पार्टी की विजय में युवा मोर्चा की निर्णायक सहभागिता रही, जिसमें उनके नेतृत्व की अहम भूमिका रही।
अमित मिश्रा बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे हैं और इन संगठनों में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करने के पश्चात भाजपा युवा मोर्चा में कैम्प मंडल मंत्री, जिला कार्यकारिणी सदस्य, प्रदेश संयोजक (स्टडी सर्कल समिति) तथा जिला अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर लंबे समय तक कार्य किया है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने संघ के आनुषंगिक संगठनों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। वे स्वदेशी जागरण मंच के जिला संयोजक रहे हैं तथा रायपुर राम मंदिर निर्माण के दौरान धर्म सेना भिलाईनगर के अध्यक्ष के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ निभा चुके हैं।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश आईटी सह प्रमुख के दायित्व की जिम्मेदारी मिलने पर अमित मिश्रा को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं युवा साथियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।