मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच UAE समेत पांच देशों के दौरे पर जाएंगे पीएम मोदी, ऊर्जा और व्यापार सहयोग पर रहेगा फोकस…

मौजूदा भू-राजनीतिक संकट के बीच भारत के द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार से छह दिवसीय दौरे पर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नीदरलैंड, स्वीडन, नार्वे और इटली की यात्रा पर जाएंगे।

प्रधानमंत्री का पहला पड़ाव यूएई होगा, जहां वे राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात का उद्देश्य द्विपक्षीय व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना और पश्चिम एशिया संघर्ष पर विचारों का आदान-प्रदान करना है।

द्विपक्षीय मुद्दों पर होगी बात

विदेश मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि दोनों नेताओं को द्विपक्षीय मुद्दों, विशेष रूप से ऊर्जा सहयोग, साथ ही पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर मिलेगा। संयुक्त अरब अमीरात भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और पिछले 25 वर्षों में कुल मिलाकर निवेश का सातवां सबसे बड़ा स्त्रोत है।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात में 45 लाख से अधिक भारतीय समुदाय के रहने के कारण, यह यात्रा उनके कल्याण पर चर्चा करने का भी एक अवसर होगा। अपनी यात्रा के दूसरे चरण में मोदी 15 से 17 मई तक नीदरलैंड का दौरा करेंगे।

2017 में नीदरलैंड की यात्रा के बाद यह उनकी दूसरी यात्रा होगी। इस दौरान पीएम मोदी ¨कग विलियम-अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री राब जेटेन के साथ वार्ता करेंगे। नीदरलैंड यूरोप में भारत के सबसे बड़े व्यापारिक गंतव्यों में से एक है, जहां 2024-25 में द्विपक्षीय व्यापार का मूल्य 27.8 अरब अमेरिकी डालर था।

यह यूरोपीय देश भारत का चौथा सबसे बड़ा निवेशक है, जिसका कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश 55.6 अरब अमेरिकी डालर है। नीदरलैंड से प्रधानमंत्री अपने स्वीडिश समकक्ष उल्फ क्रिस्टर्सन के निमंत्रण पर 17 से 18 मई तक दो दिवसीय यात्रा पर स्वीडन जाएंगे।

नार्वे भी जाएंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री, प्रधानमंत्री क्रिस्टर्सन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करने वाले हैं, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण दायरे की समीक्षा की जाएगी और द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने के लिए सहयोग के नए रास्ते तलाशे जाएंगे। अपनी यात्रा के चौथे चरण में, मोदी 18 से 19 मई तक नार्वे में तीसरे भारत-नार्डिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और साथ ही देश के नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।

अपनी यात्रा के अंतिम चरण में पीएम मोदी प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर 19 से 20 मई तक इटली की आधिकारिक यात्रा करेंगे। इस यात्रा के दौरान, वे राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला से मुलाकात करेंगे और प्रधानमंत्री मेलोनी से बातचीत करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *