एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में चुनावी हलचल के बीच छात्रा समर्थक से मारपीट, परिसर में मचा बवाल…

एमबीपीजी कालेज में प्रवेश प्रक्रिया के साथ ही चुनावी हलचल भी बनी हुई है। ऐसे में परिसर में जमकर अराजकता और संभावित प्रत्याशियों के दावेदारों के बीच आए दिन टकराव भी हो रहा है।

शनिवार को कोषाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। समर्थक छात्र-छात्राओं के बीच बहस ने हाथापाई का रूप ले लिया। छात्रा समर्थक संग मारपीट और अभद्रता होने पर कालेज में हंगामा हो गया।

महाविद्यालय में बवाल होता देख मौके पर पहुंचे प्राक्टर बोर्ड और कर्मचारियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया। लेकिन, हंगामा कर रहे छात्र नहीं माने। विवाद बढ़ने पर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस एक छात्र को हिरासत में लेकर भोटिया पड़ाव चौकी ले गई है। इधर, मामला प्राचार्य कक्ष तक पहुंचा।

छात्र नेताओं ने परिसर में बाहरी युवकों के आने की बात कही। जिस कारण आए दिन विवाद हो रहा और छात्राओं संग अभद्रता भी हो रही है। ऐसे में कालेज प्रशासन की सतर्कता पर सवाल खड़े किए।

पीड़ित छात्रा ने प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी को शिकायती पत्र सौंपा है। चार युवकों का नाम लिखते हुए कार्रवाई की मांग की है। प्राचार्य प्रो. बनकोटी के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *