ईरान ने अपने सुप्रीम लीडर मोजताबा खामेनेई की स्वास्थ्य स्थिति पर पहला आधिकारिक बयान दिया है। इस बयान में दावा किया गया है कि मोजताबा को केवल कान के पीछे छोटी-सी खरोंच आई है।
ईरान के अर्ध-सरकारी मीडिया आउटलेट्स ने विदेशी रिपोर्टों में बताई गई गंभीर चोटों, चेहरे की प्लास्टिक सर्जरी और प्रोस्थेटिक लेग की जरूरत को सिरे से खारिज कर दिया है।
बिल्कुल ठीक है खामेनेई
फार्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट्स के मुताबिक सुप्रीम लीडर की पीठ की चोट सुधर रही है और घुटने की चोट भी जल्द ही ठीक हो जाएगी। एजेंसी ने उन्हें पूरी तरह से स्वस्थ बताया है। प्रोटोकॉल विभाग के महानिदेशक मजाहेर होसैनी ने कहा, ‘कान के पीछे सिर्फ छोटी-सी दरार है।’
स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी होसैन केरमानपूर ने भी जोर देकर कहा कि ‘कुछ गंभीर नहीं हुआ। ये घाव न तो चेहरे को नुकसान पहुंचाने वाले हैं और न ही विकलांगता या अंग-कटाव का कारण बनेंगे।’
अफवाहों के बीच ईरान का दावा
यह बयान न्यूयॉर्क टाइम्स की उस रिपोर्ट के बाद आया है जिसमें दावा किया गया था कि इजरायली मिसाइल हमले में खामेनेई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, उनके एक पैर पर तीन सर्जरी हो चुकी हैं और प्रोस्थेटिक की जरूरत पड़ सकती है।
चेहरे और होंठों पर गंभीर जलन के कारण बोलने में दिक्कत हो रही है और प्लास्टिक सर्जरी की संभावना है। टेलीग्राफ ने भी लिखा कि खामेनेई बाल-बाल बचे, जबकि उनकी पत्नी की मौत हो गई।
पेजेश्कियन से मुलाकात
ईरानी अधिकारियों ने इन खबरों को ‘दुश्मन की अफवाहें’ करार दिया है। राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने हाल ही में खामेनेई से मुलाकात की। फरवरी के हमले के बाद मोहताबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से नहीं दिखे हैं। उनके पिता अली खामेनेई की मौत के बाद वे सुप्रीम लीडर बने थे।