अमेरिका से बढ़ते तनाव के बीच भारत और चीन के रिश्तों में नरमी, 5 साल बाद फिर शुरू हुई सीधी उड़ान…

भारत और चीन के बीच पांच साल बाद सीधी हवाई सेवा रविवार को उस समय बहाल हो गई जब इंडिगो एयरलाइंस की कोलकाता-ग्वांगझू के बीच नॉन-स्टॉप उड़ान रात 10 बजे रवाना हुई।

अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2020 के बाद यह पहली उड़ान है जो किसी भारतीय शहर से चीन के लिए गई है। कोविड-19 महामारी और सीमा तनाव के कारण दोनों देशों के बीच सीधा हवाई संपर्क लंबे समय से ठप था।

इंडिगो प्रवक्ता ने बताया कि यह उड़ान प्रतिदिन संचालित की जाएगी। उड़ान रवाना होने से पहले नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएससीबीआई) पर एक संक्षिप्त समारोह आयोजित किया गया।

इस अवसर पर एक चीनी यात्री ने दीप प्रज्वलित किया, जो नयी मित्रता और सहयोग का प्रतीक था।

कार्यक्रम में एनएससीबीआई हवाई अड्डा निदेशक डॉ. पी. आर. बौरिया, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) तथा इंडिगो एयरलाइंस के अधिकारी उपस्थित थे।

चीन के डिप्टी कॉन्सल जनरल किन योंग ने रविवार को कहा, ‘आज भारत और चीन के संबंधों के लिए बहुत अहम दिन है। पांच सालों के निलंबन के बाद यह द्विपक्षीय संबंधों में बड़ा सुधार है।

हम लंबे समय से इसकी उम्मीद कर रहे थे और यह हमारे द्विपक्षीय रिश्तों के लिए काफी अहम है।’ उन्होंने उड़ान शुरू होने के इस फैसले को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई मुलाकात से मिला पहला नतीजा बताया है।

उन्होंने कहा, ‘चीनी पक्ष की तरफ से भारत के साथ द्विपक्षीय संबंध बेहद महत्वपूर्ण हैं और बीते सालों में हमारे नेताओं ने आम सहमति दिखाई है और आज सीधी उड़ान का बहाल होना दो नेताओं के बीच समझौते का पहला नतीजा है।’

अमेरिका से तल्खी के बीच शुरुआत

भारत और चीन के बीच सीधी उड़ान की बहाली को दोनों देशों में सामान्य होते रिश्तों के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। गलवान घाटी में साल 2020 में हुए सैन्य झड़प के बाद संबंध तल्ख हो गए थे।

अगस्त में जिनपिंग से मुलाकात के बाद पहली बार पीएम मोदी ने उड़ान शुरू करने का ऐलान किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *