अमेरिका का बड़ा खुलासा: तीसरे जहाज को बनाया था निशाना, हेलफायर मिसाइलों से किया हमला…

अमेरिका और ईरान के बीच खाड़ी इलाके में जारी भीषण टकराव के बीच एक और बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है।

अमेरिकी सेना ने आधिकारिक तौर पर यह स्वीकार किया है कि उसने खाड़ी क्षेत्र में एक तीसरे कमर्शियल जहाज को अपनी मिसाइलों का निशाना बनाया था। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि इस जहाज पर भी भारतीय चालक दल सवार था।

अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस कार्रवाई के दौरान जहाज पर ‘2 हेलफायर मिसाइलें’ दागी गई थीं।

इसके अलावा अमेरिकी सेना (सेंटकॉम) ने भी आधिकारिक तौर पर स्वीकार किया है कि उसने ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल (क्रू) वाले एक तेल टैंकर पर दो ‘हेलफायर’ मिसाइलें दागी हैं।

बता दें कि इस हफ्ते ओमान के पास भारतीय नाविकों वाले जहाज पर हमले की यह लगातार तीसरी घटना है, जिससे भारत सरकार बेहद चिंतित है।

समझिए क्यों और कैसे हुआ जहाज पर हमला?

अमेरिकी सेंट्रल कमान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि ‘गिनी-बिसाऊ’ के झंडे वाला एक तेल टैंकर जिसका नाम ‘एम/टी जलवीर’ है, ओमान की खाड़ी के रास्ते ईरान से तेल ले जाने की कोशिश कर रहा था। अमेरिकी सेना के मुताबिक, उनके बलों ने जहाज को रुकने और निर्देशों का पालन करने के लिए बार-बार चेतावनी दी।

अमेरिका सेना ने आगे बताया कि जब जहाज के क्रू ने निर्देशों को मानने से साफ इनकार कर दिया, तो अमेरिकी लड़ाकू विमान ने कार्रवाई करते हुए जहाज के इंजन रूम को निशाना बनाकर दो ‘हेलफायर’ मिसाइलें दाग दीं, जिससे जहाज में आग लग गई। उधर, ईरान की ‘मेहर’ न्यूज एजेंसी के मुताबिक, जहाज पर कुल 20 क्रू मेंबर्स सवार थे, जिनमें से 5 नाविकों को पास से गुजर रहे अन्य जहाजों ने बचाकर ओमान पहुंचाया है।

भारत सरकार ने की कड़े शब्दों में निंदा

दूसरी ओर खाड़ी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों के भीतर भारतीय नाविकों पर हुए इन लगातार हमलों पर भारत सरकार ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को इन हमलों को गंभीर रूप से चिंताजनक बताया। साथ ही कहा कि पिछले कुछ दिनों में पश्चिम एशिया (खाड़ी देश) में भारतीय नाविकों से जुड़ी कई अप्रिय घटनाएं हुई हैं। हम अपने नाविक समुदाय की सुरक्षा और भलाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हैं। इन हमलों को तुरंत रोका जाना चाहिए।

गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिकी सेना के ऐसे ही एक ऑपरेशन में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो चुकी है, जिसके बाद से भारत सरकार खाड़ी के समुद्री रास्तों में अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर हाई अलर्ट पर है।

अमेरिका की समुद्री नाकेबंदी का रिपोर्ट कार्ड

इसके अलावा अमेरिकी सेंट्रल कमान ने बताया कि 13 अप्रैल से ईरान के खिलाफ शुरू की गई समुद्री नाकेबंदी के बाद से वे अब तक 9 जहाजों को तबाह या बेकार कर चुके हैं जिन्होंने उनकी बात नहीं मानी। इसके साथ ही 135 जहाजों का रास्ता बदला है जिन्होंने अमेरिकी निर्देशों का पालन किया और 42 जहाजों को जाने की अनुमति दी है जो मानवीय सहायता (खाना-दवा) ले जा रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *