अमेरिका ने कहा है कि वह भारतीय ऑनलाइन फार्मेसी केएस इंटरनेशनल ट्रेडर्स से जुड़े 13 लोगों पर वीजा प्रतिबंध लगा रहा है, जिन पर फेंटानिल युक्त नकली दवा की गोलियां बेचने का आरोप है।
विदेश विभाग के प्रवक्ता के बयान के अनुसार, केएस इंटरनेशनल ट्रेडर्स और उसके सहयोगियों पर अवैध फेंटानिल से युक्त लाखों नकली दवाओं के वितरण का आरोप है, जिसके कारण पूरे अमेरिका में सार्वजनिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ा है।
बयान में कहा गया है, ‘अवैध फेंटानिल से बहुत से अमेरिकियों की मौत हो रही है।
भारत स्थित केएस इंटरनेशनल ट्रेडर्स जैसी प्रतिबंधित आनलाइन फार्मेसियों ने पूरे अमेरिका में भोले-भाले पीडि़तों को अवैध फेंटानिल से युक्त लाखों नकली दवाइयां बेची हैं, जिससे देशभर में परिवार और समुदाय तबाह हो गए हैं।’
प्रवक्ता ने कहा, ”विदेश विभाग केएस इंटरनेशनल ट्रेडर्स और उसके मालिक के करीबी व्यापारिक सहयोगियों में से 13 व्यक्तियों पर वीजा प्रतिबंध लगाने की घोषणा कर रहा है।
केएस इंटरनेशनल ट्रेडर्स अवैध फेंटानिल की तस्करी से राजस्व अर्जित करता था, जिसे राष्ट्रपति ट्रंप ने सामूहिक विनाश का हथियार घोषित किया है।’
आगे कहा गया है, ‘यह कार्रवाई अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को खत्म करने और अमेरिकियों को नुकसान पहुंचाने वाले तस्करी नेटवर्क को बाधित करने के लिए अमेरिका और भारत की स्थायी और साझा प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।