महज 18 साल की उम्र में बने प्रोफेसर, अमेरिकी छात्र नाथन थॉमस ने तोड़ा 306 साल पुराना रिकॉर्ड…

जिस 18 वर्ष की उम्र में विश्व के तमाम देशों में ज्यादातर छात्र कॉलेज या यूनिवर्सिटी में कदम रखते हैं, उस आयु में अमेरिका के एक छात्र ने ऐसा कमाल कर दिखाया है, जिसकी दुनियाभर में चर्चा हो रही है। वह महज 18 साल की उम्र में प्रोफेसर बनकर इंजीनियरिंग के छात्रों को पढ़ा रहे हैं।

फ्लोरिडा के नाथन थॉमस ने महज 18 वर्ष और 346 दिन की उम्र में प्रोफेसर बनकर इतिहास रचा है। सबसे कम उम्र में पुरुष प्रोफेसर बनने पर उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया है। नाथन ने इस मामले में 306 साल पुराना रिकॉर्ड्स तोड़ा है। थॉमस की मियामी डेड कॉलेज में इंजीनियरिंग इंस्ट्रक्टर के पद पर नियुक्ति हुई है।

ज्यादातर बच्चों की तुलना में नाथन थॉमस की पढ़ाई काफी शानदार रही। उन्होंने महज दस वर्ष की उम्र में कॉलेज की पढ़ाई शुरू कर दी थी। उन्होंने उसी मियामी डेड कॉलेज से पढ़ाई की है, जहां अब प्रोफेसर बनकर पहुंचे हैं। वह 14 साल की उम्र में फ्लोरिडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी चले गए, जहां से उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में आनर्स के साथ ग्रेजुएशन और मास्टर की डिग्री हासिल की।

कुछ वर्षों बाद वह उसी कॉलेज में लौटे, जहां वह कभी छात्र थे। थॉमस ने अगस्त, 2023 में मियामी डेड कॉलेज में इंजीनियरिंग के छात्रों को सी प्रोग्रामिंग और कंम्यूटेशनल प्राब्लम-साल्विंग कोर्स पढ़ाना शुरू किया। इंजीनियरिंग परिवार में पले-बढ़े थॉमस कॉलेज में पढ़ाने के साथ ही यूनिवर्सिटी आफ मियामी आफ ला से कानून की पढ़ाई भी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *