मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम है। वहीं, इस बीच खबर आई है कि होर्मुज से एक अमेरिकी विमान गायब हो गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी वायु सेना का ई-3जी सेंटी एडब्ल्यूएसीएस (एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल) विमान हॉर्मुज के ऊपर सार्वजनिक फ्लाइट ट्रैकर्स से गायब हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान ने आपातकालीन कोड 7700 ट्रांसमिट किया था, जिसके बाद यह नजरों से ओझल हो गया।
कोड 7700 का मतलब है कि चालक दल ने सामान्य आपात स्थिति घोषित की है। यह संकेत जरूरी नहीं कि विमान पर हमला हुआ हो।
रूसी प्रसारक आरटी न्यूज ने फ्लाइटराडार24 के डेटा और आपातकालीन कोड 7700 के प्रसारण को कवर किया । इससे पता चला कि विमान 19,275 फीट की ऊंचाई पर था और उसकी जमीनी गति 852 किमी/घंटा थी, जब उसने आपातकालीन ट्रांसपोंडर कोड सक्रिय किया। इसके तुरंत बाद, विमान कथित तौर पर रडार से गायब हो गया।
क्षेत्र में भारी जीपीएस व्यवधान और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते अटकलें तेज हो गई हैं कि कहीं ईरान शामिल तो नहीं। हालांकि, अब तक कोई पुष्टि नहीं हुई है कि विमान पर हमला किया गया या उसे मार गिराया गया।
ई-3जी सेंटी एडब्ल्यूएसीएस एक हवाई प्रारंभिक चेतावनी और नियंत्रण विमान है, जिसका उपयोग खतरों का पता लगाने, ट्रैक करने और समन्वय करने के लिए किया जाता है। घटना की जांच जारी है और आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।