अमेरिकी खुफिया और सेना को मिली खुली छूट, मेक्सिकन फोर्स ने ड्रग माफिया मेंचो को ढूंढकर मार गिराया…

मेक्सिको की सरकार ने पुष्टि की है कि उसकी सेना ने एल मेंचो के नाम के खूंखार ड्रग माफिया को मार गिराया है। नेमेसियो ओसेगुएरा रूबेन सर्वेंटेस को एल मेंचो के नाम से भी जाना जाता था।

वह जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल का बड़ा नेता था। उसके ऊपर 1.5 करोड़ डॉलर का इनाम था।

मेक्सिको के सबसे वांटेड क्रिमिनल्स में से एक की मौत से कई राज्यों में बदले की कार्रवाई शुरू हो गई है। कार्टेल के सदस्य अपने लीडर की मौत के जवाब में अपनी ताकत दिखा रहे हैं। वहीं, मेक्सिको की प्रेसिडेंट क्लाउडिया शीनबाम ने एक्स (पहले ट्विटर) पर मिलिट्री ऑपरेशन की तारीफ की और लोगों से शांत रहने की अपील की।

कहां रहता था मेंचो?

एल मेंचो जलिस्को के लगभग 20,000 की आबादी वाले शहर टापालपा में था। यह एल मेंचो के कार्टेल का ठिकाना है। एल मेंचो सैनिकों के साथ शूटआउट में घायल हो गया था और इलाज के लिए मैक्सिको सिटी ले जाते समय उसकी मौत हो गई।

चार लोग मारे गए, तीन सैनिक घायल

सेना ने कहा, “ऑपरेशन के दौरान सैनिकों पर गोलियां चलीं और उस जगह पर चार लोग मारे गए। ओसेगुएरा सर्वेंटेस समेत तीन और लोग घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई।”

दो और लोगों को गिरफ्तार किया गया और मिलिट्री ने बख्तरबंद गाड़ियां, रॉकेट लॉन्चर और दूसरे हथियार जब्त कर लिए। तीन सैनिक भी घायल हुए और उनका इलाज चल रहा है।

अमेरिका ने दी खुफिया जानकारी

हालांकि, यह ऑपरेशन मेक्सिको की सेना ने किया था, लेकिन इसकी खुफिया जानकारी अमेरिकी सरकार ने दी थी। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने एल मेंचो को टॉप ट्रैफिकर्स में से एक बताया और मैक्सिको की मिलिट्री की तारीफ की।

अमेरिका के उप विदेश मंत्री क्रिस्टोफर लैंडौ ने मेंचो को सबसे खूनी और सबसे बेरहम ड्रग किंगपिन में से एक बताया और कहा, “यह मैक्सिको, अमेरिका, लैटिन अमेरिका और दुनिया के लिए एक बहुत बड़ी बात है। अच्छे लोग बुरे लोगों से ज्यादा ताकतवर होते हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *