अमेरिका अगले हफ्ते राजनीतिक आतंकवाद के फिर से उभरने पर चर्चा के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी करेगा। इसमें भाग लेने के लिए भारत समेत 60 देशों को निमंत्रण भेजा गया है।
वॉशिंगटन पोस्ट के अनुसार, अमेरिकी विदेश विभाग में 16 जुलाई को होने वाली बैठक में यूरोप, लैटिन अमेरिका और एशिया के विदेश और गृह मंत्रियों के शामिल होने की उम्मीद है।
राजनीतिक आतंकवाद पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन
अमेरिका इसे सुरक्षा के लिए एक उभरता हुआ खतरा मानता है और इसके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सहयोग बनाना चाहता है। बैठक को लेकर अमेरिकी अधिकारियों, कुछ यूरोपीय सहयोगियों और स्वतंत्र विश्लेषकों के बीच चिंता पैदा हो गई है। ऐसा हो सकता है कि भारत इस बैठक में अपना कोई प्रतिनिधि न भेजे।
विदेश विभाग के प्रवक्ता टामी पिगाट ने एक्स पर कहा, ‘हिंसक अति-वामपंथी राजनीतिक आतंकवाद का फिर से उभरना कोई नई बात नहीं है। यह एक पुराना खतरा है जो मजबूत अंतरराष्ट्रीय संपर्कों और नए गठजोड़ों के साथ फिर से सामने आ रहा है।’