उत्तर कोरिया ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के सैन्य अभ्यासों की निंदा की है। उसने कहा है कि वह इन दोनों देशों से मिल रही सैन्य धमकियों का जवाब देने के लिए अपने आत्मरक्षा के अधिकार का इस्तेमाल करना जारी रखेगा।
उत्तर कोरिया का यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस आदेश के बाद आया है, जिसमें पेंटागन को इस अभ्यास में भागीदारी काफी कम करने कहा गया है। साथ ही उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग से अपने बहुत अच्छे संबंधों का ज़िक्र किया गया है।
ट्रंप ने सोमवार को यह भी कहा कि किम ने उनके पहल का जवाब दिया है, हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
ये अभ्यास तय कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को शुरू हुए, लेकिन दक्षिण कोरियाई मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सेना कोरिया के कमांडर जेवियर ब्रंसन ने मंगलवार को दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्रालय का दौरा किया ताकि अभ्यास को कम करने की योजनाओं पर चर्चा की जा सके।
ट्रंप किम के साथ बातचीत फिर से शुरू करने की कोशिश कर रहे हैं। किम के नेतृत्व में ही उत्तर कोरिया ने संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों के बावजूद अपने परमाणु हथियारों और मिसाइल कार्यक्रमों का विस्तार किया है।