बेंगलुरु से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। जहां बाइक सवारों के एक गुट ने पहले तो एक एम्बुलेंस का रास्ता रोका और व्यस्त सड़क पर खतरनाक स्टंट किए।
शनिवार तड़के हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी गुस्सा है और वे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। बता दें कि यह घटना रात के करीब 2:30 बजे की है। गोरागुंटेपाल्या से यशवंतपुर इलाके के बीच इन बाइकर्स ने सड़क पर जमकर हुड़दंग मचाया।
बजता रहा सायरन, लेकिन नहीं दिया रास्ता
बताया जा रहा है कि एम्बुलेंस में एक मरीज जिंदगी और मौत से जूझ रहा था और उसे तुरंत इलाज की जरूरत थी। एम्बुलेंस का सायरन लगातार बज रहा था, लेकिन इसके बावजूद 5 से 6 बाइक सवारों ने पूरी सड़क को घेर रखा था। उन्होंने एम्बुलेंस को आगे निकलने का रास्ता नहीं दिया और उसके आगे-आगे अपनी गाड़ियों से खतरनाक स्टंट करते रहे।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाइक सवार एम्बुलेंस के आगे-आगे चल रहे हैं और रास्ता ब्लॉक कर रहे हैं। बाइक पर पीछे बैठे किसी भी शख्स ने हेलमेट नहीं पहना है। इसके अलावा वीडियो में एम्बुलेंस के अंदर लेटा हुआ लाचार मरीज भी नजर आ रहा है।
लोगों में भारी आक्रोश
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। यूजर्स ने इस हरकत की कड़े शब्दों में निंदा की है। लोगों का कहना है कि आपातकालीन सेवाओं को रोकना और किसी की जान को खतरे में डालना एक गंभीर अपराध है। नागरिकों ने बेंगलुरु पुलिस से मांग की है कि वीडियो के आधार पर इन बाइकर्स की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।