कर्नाटक के तुमकुर के एक मदरसे में बच्चों के साथ दुर्व्यवहार और उत्पीड़न का मामला सामने आया है।
मौलवी के उत्पीड़न से तंग होकर बिहार के 24 बच्चे वहां से भाग निकले और बेंगलुरु रेलवे स्टेशन पर पहुंचे, जहां से उन्हें बचाया गया है।
यह घटना तुमकुर के अमलापुर में जामिया अरबिया हसीनिया ट्रस्ट में हुई। रेलवे सुरक्षा बल ने बच्चों को बेंगलुरु स्टेशन पर पाया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।
बाल कल्याण समिति की शिकायत के अनुसार, मदरसे के मौलवी मौलाली ने बच्चों का कथित रूप से उत्पीड़न किया।
उस पर आरोप लगाया गया है कि अगर बच्चे उसकी बात नहीं मानते थे तो वह उन पर पत्थर फेंकता था, मारता था और खाना नहीं देता था।
इसी उत्पीड़न से तंग होकर बच्चे मदरसा से भाग गए। समिति की शिकायत के आधार पर मौलवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।