टनकपुर डिपो के चालक वेनीराम थ्वाल की सड़क दुर्घटना में मौत के मामले में उत्तराखंड परिवहन निगम मुख्यालय ने कार्रवाई की है। निगम मुख्यालय ने टनकपुर के मंडल प्रबंधक (संचालन) आलोक कुमार बनवाल को कारण बताओ पत्र जारी कर यह स्पष्ट करने को कहा है कि वह मृतक चालक की अंत्येष्टि में शामिल क्यों नहीं हुए और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त क्यों नहीं की।
महाप्रबंधक (प्रशासन) अनिल सिंह गर्ब्याल की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि तीन जून को टनकपुर डिपो की बस यूके-07पीए-3122 धारचूला से टनकपुर आते समय मरोड़ाखाल के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में चालक वेनीराम थ्वाल बस से नीचे गिर गए और बस के पहिए की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।
न अंत्येष्टि में भाग लिया और न परिवार से मिले
पत्र में उल्लेख किया गया है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं दिवंगत चालक के परिजनों से फोन पर बात कर संवेदना व्यक्त की थी, जबकि जिलाधिकारी भी उनके पैतृक गांव पहुंचकर परिवार से मिले और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। इसके बावजूद संबंधित अधिकारी की ओर से न तो अंत्येष्टि में भाग लिया गया और न ही परिवार से मिलकर सांत्वना दी गई।
मुख्यालय ने इसे मानवीय संवेदनाओं और प्रशासनिक दायित्वों की अनदेखी मानते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है। पत्र में कहा गया है कि मृतक चालक अधिकारी के अधीन कार्यरत था, ऐसे में निगम परिवार की ओर से शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करना उनका दायित्व था।
इसके साथ ही निगम मुख्यालय ने सभी मंडल प्रबंधकों और सहायक महाप्रबंधकों को निर्देश जारी किए हैं कि भविष्य में किसी भी रोडवेज बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचें। यदि किसी चालक या परिचालक की दुर्घटना में मृत्यु होती है तो संबंधित अधिकारी स्वयं परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग सुनिश्चित करें।