अगले 10 घंटे अहम: 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, दिल्ली-यूपी में झमाझम के आसार…

दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में सक्रिय मानसून के चलते मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है, जिसके कारण भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज इन राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी के अनुसार, रेड अलर्ट वाले राज्यों में महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड शामिल हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उससे सटे नोएडा-गाजियाबाद के इलाकों में सुबह से ही आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, दिन बढ़ने के साथ दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ छिटपुट से लेकर मध्यम स्तर की तेज बारिश होने की प्रबल संभावना है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।

आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, पड़ोसी राज्य हरियाणा में मानसून पूरी तरह से रफ्तार पकड़ चुका है। मौसम वैज्ञानिकों ने आज प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी जिलों जैसे अंबाला, पंचकुला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

उत्तर प्रदेश के मौसम की बात करें तो यहां भी बादलों का डेरा जमा हुआ है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में अगले कुछ घंटों के भीतर गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद जताई गई है। पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के अधिकांश इलाकों में भी हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की जा सकती है।

राजस्थान में बिजली गिरने से एक की मौत

राजस्थान में फिर से सक्रिय हुए मानसून के असर से बुधवार को एक दर्जन से अधिक जिलों में बारिश हुई है। बिजली गिरने से यहां एक युवक की मौत हो गई। हाड़ौती क्षेत्र में तेज बारिश से परवन दी और कालीसिंध नदी उफान पर है। जयपुर-दिल्ली राजमार्ग पर वाहन चालकों को मुश्किल हुई है।

जम्मू-कश्मीर में बाढ़ जैसे हालात, भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद

जम्मू-कश्मीर में लगातार चार दिन से हो रही वर्षा से अधिकतर जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। चिनाब नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और तवी समेत अन्य नदी-नाले भी उफान पर हैं। नदियों के किनारे बसे गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है।

इस बीच, रामबन जिले में यात्री टेंपो वाहन पर विशाल चट्टान गिरने से दंपती की मौत व पांच अन्य लोग घायल हो गए। इसके साथ ही चार दिन में मरने वालों की संख्या 30 हो गई है।

वहीं, ऊधमपुर से रामबन के बीच कई जगह भूस्खलन होने से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। इससे वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। इस बीच, श्रीअमरनाथ यात्रा, माता वैष्णो देवी की यात्रा और शिवखोड़ी की यात्रा चौथे दिन भी स्थगित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *