मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 20 से 24 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर में भारी वर्षा और खराब मौसम की चेतावनी जारी किए जाने के बाद सिविल डिफेंस जम्मू ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। सोमवार को भगवती नगर स्थित चौथे पुल के पास तवी नदी किनारे विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई।
सिविल डिफेंस के अधिकारियों ने कहा कि लगातार हो रही बारिश से तवी नदी और अन्य बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ रहा है। ऐसे में नदी किनारे खड़ा होना, नहाने जाना या पानी के बहाव को देखने के लिए एकत्र होना जानलेवा साबित हो सकता है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की सलाह दी गई।
7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
अधिकारियों ने बताया कि मौसम विभाग ने जम्मू, सांबा, कठुआ, उधमपुर, रियासी, राजौरी और पुंछ समेत कई जिलों में भारी बारिश, अचानक बाढ़ और कुछ स्थानों पर बादल फटने जैसी घटनाओं की आशंका जताई है। इसे देखते हुए सिविल डिफेंस की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को जागरूक कर रही हैं।
सिविल डिफेंस की खास अपील
सिविल डिफेंस के अधिकारियों ने विशेष रूप से अमरनाथ यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा प्रशासन और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। निचले इलाकों में रहने वाले लोग विशेष सतर्कता बरतें। अधिकारियों ने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी किसी बड़े हादसे को टाल सकती है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की भी अपील की है।