भारत और दक्षिण एशिया की एयरलाइंस को 2044 तक 3300 नए विमानों की आवश्यकता, बोइंग ने कहा-मांग तेजी से बढ़ रही है…

अमेरिकी विमान निर्माता बोइंग ने बुधवार को कहा कि भारत और दक्षिण एशिया में हवाई यातायात की बढ़ती मांग के चलते 2044 तक एयरलाइंस को लगभग 3,300 नए विमानों की आवश्यकता होगी।

अनुमानित डिलीवरी में लगभग 90 प्रतिशत यानी 2,875 सिंगल-आइल जेट या नैरो-बॉडी विमान होंगे, जबकि वाइड-बाडी विमानों की संख्या 395 होगी।

दक्षिण एशिया के लिए अपने कमर्शियल मार्केट आउटलुक (सीएमओ) में बोइंग ने यह भी कहा कि अगले दो दशकों में इस क्षेत्र की एयरलाइंस को लगभग 45,000 पायलट, 45,000 तकनीशियन और 51,000 केबिन क्रू की आवश्यकता होगी।

बोइंग के यूरेशिया और भारतीय उपमहाद्वीप के कमर्शियल मार्केटिंग के प्रबंध निदेशक अश्विन नायडू ने हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि भारत एक विकासशील बाजार है और देश में विमानों की संख्या में और वृद्धि होगी।

उनके अनुसार, भारत सबसे तेजी से विकसित होने वाला क्षेत्र है, जहां अगले 20 वर्षों में विमानों का बेड़ा चार गुना हो जाएगा।

भारत विमानन घटकों और उत्पादों का वैश्विक निर्यातक बन सकता है : नायडू

केंद्रीय मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा कि विनिर्माण पारिस्थितिकी तंत्र को बेहतर बनाने के प्रयास जारी हैं, जिससे भारत विमानन घटकों और उत्पादों का वैश्विक निर्यातक बन सकेगा।

नागरिक उड्डयन मंत्री ने बेगमपेट हवाई अड्डे पर कहा, ”भारत विमानन क्षेत्र में भी एक वैश्विक विश्वसनीय भागीदार बन गया है। विमानन देश का एक मजबूत क्षेत्र बनने जा रहा है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *