ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम ठप: 1,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द, एयरपोर्ट्स पर फंसे सैकड़ों हजार यात्री…

 यूके के एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में अचानक आई बड़ी तकनीकी खराबी के कारण मंगलवार को विमान सेवाओं पर भारी असर पड़ा है।

फ्लाइट मॉनिटरिंग वेबसाइट ‘Flightradar24’ और Sky न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, इस गडबड़ी की वजह से लगभग 1,000 उड़ानें पूरी तरह से रद करनी पड़ी हैं, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इंजीनियरों ने फिक्स किया सिस्टम

ब्रिटेन की नेशनल एयर ट्रैफिक सर्विसेज ने मामले पर जानकारी देते हुए कहा कि मंगलवार दोपहर तकनीकी समस्या सामने आते ही इंजीनियरों को तुरंत काम पर लगा दिया गया था।

बाद में एक अपडेट जारी कर NATS ने पुष्टि की कि सिस्टम में आई खराबी को दूर कर लिया गया है और फ्लाइट ऑपरेशन धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है।

एजेंसी ने यात्रियों को हुई इस अचानक असुविधा और देरी के लिए औपचारिक रूप से माफी भी मांगी है। हालांकि, यह तकनीकी खराबी किस वजह से हुई, इसका कारण अभी तक साफ नहीं हो पाया है।

अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस और एयरपोर्ट्स पर असर

Flightradar24 ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि इस सिस्टम फेलियर के कारण ब्रिटिश एयरवेज, ईजीजेट, केएलएम और लुफ्थांसा जैसी दुनिया की बड़ी एयरलाइंस की दर्जनों उड़ानों का शेड्यूल बिगड़ गया।

बजट एयरलाइन EasyJet ने कहा कि उसकी कई उड़ानें संचालित नहीं हो सकीं, जिससे पूरे यूरोप में फ्लाइट्स में देरी हुई।

लंदन के प्रमुख हीथ्रो, स्टैनस्टेड और सिटी एयरपोर्ट के अलावा मैनचेस्टर, बर्मिंघम और स्कॉटलैंड के विभिन्न हवाई अड्डों ने भी स्वीकार किया कि इस तकनीकी खामी की वजह से संचालन प्रभावित हुआ है।

हीथ्रो एयरपोर्ट की वेबसाइट के अनुसार, मंगलवार को यूरोप जाने वाली कई कम दूरी की उड़ानें रद या देरी का शिकार हुईं, हालांकि आने वाली उड़ानों पर इसका असर पड़ता नहीं दिखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *