अमेरिका-ईरान के बीच 60 दिनों के सीजफायर पर बनी सहमति, Marco Rubio बोले- जल्द हो सकती है बड़ी घोषणा…

पश्चिम एशिया में लगभग तीन महीने से जारी संघर्ष को खत्म करने के लिए अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत में प्रगति के संकेत मिले हैं।

ईरान, अमेरिका और मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे पाकिस्तान ने शनिवार को कहा कि वार्ता सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है और अगले कुछ दिन बेहद अहम हो सकते हैं।

इसके साथ ही दोनों देश युद्धविराम को 60 दिन तक बढ़ाने पर भी सहमत नजर आ रहे हैं। भारत दौरे पर पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने उम्मीद जताई कि आज नहीं तो कल ईरान समझौता स्वीकार कर लेगा। रूबियो ने कहा कि कूटनीतिक प्रयास जारी हैं और अच्छी खबर मिलने की जल्द उम्मीद है।

खुल गया होर्मुज?

उधर, आइआरजीसी नेवी ने दावा किया है कि बीते 24 घंटे के दौरान होर्मुज स्ट्रेट से 25 मालवाहक जहाजों को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई है। रायटर ने फाइनेंशियल टाइम्स के हवाले से बताया कि बातचीत में शामिल मध्यस्थों का मानना है कि दोनों पक्ष संघर्ष विराम के विस्तार और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर नए वार्ता ढांचे को लेकर सहमति के करीब पहुंच चुके हैं।

ईरान के प्रस्तावित समझौते में होर्मुज जलडमरूमध्य को धीरे-धीरे फिर से खोलने की योजना शामिल हो सकती है।

इसके अलावा ईरान के समृद्ध यूरेनियम भंडार को कम करने या किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने पर भी चर्चा चल रही है। सूत्रों के अनुसार, अमेरिका की ओर से ईरानी बंदरगाहों पर लगे प्रतिबंधों में ढील देने और कुछ आर्थिक प्रतिबंध हटाने के विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है।

माना जा रहा है कि इन कदमों का उद्देश्य तनाव कम करना और परमाणु वार्ता को आगे बढ़ाना है।हालांकि, इस रिपोर्ट की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

न तो अमेरिकी प्रशासन और न ही ईरान की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, ईरान पर नए हमलों की आशंका पूरी तरह से खत्म नहीं हुई है।

ईरान पर हमला करेगा अमेरिका?

ऐसी खबरें हैं कि राष्ट्रपति ट्रंप किसी भी समय ईरान पर हमले का आदेश दे सकते हैं। इसके लिए उन्होंने सप्ताहांत की छुट्टियां भी रद कर दी हैं और अपने बेटे की शादी में भी शामिल होने से इन्कार कर दिया। ईरान ने भी युद्ध की आहट के बीच अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है।

एएनआइ के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने बताया कि तेहरान फिलहाल एक समझौता मसौदे (मेमोरेंडम आफ अंडरस्टैंडिंग) को अंतिम रूप देने पर काम कर रहा है।

इस मसले पर पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर के साथ ईरान के शीर्ष वार्ताकार मोहम्मद बाकर गलीबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची की बैठक के बाद ये जानकारी सामने आई।

ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, आसिम मुनीर ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से भी मुलाकात की। पाकिस्तान की सेना ने कहा कि पिछले 24 घंटों की बातचीत में “उत्साहजनक प्रगति” हुई है और दोनों पक्ष किसी अंतिम समझ की दिशा में बढ़ रहे हैं।प्रेट्र के अनुसार, भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने भी माना कि ईरान संग वार्ता में कुछ प्रगति हुई है।

रुबियो ने क्या कहा?

नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा, “बातचीत लगातार जारी है। संभव है कि आज, कल या अगले कुछ दिनों में हमारे पास इस मुद्दे पर कुछ महत्वपूर्ण कहने के लिए हो।”ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने भी संकेत दिए कि हाल के दिनों में मतभेद कम हुए हैं।

हालांकि उन्होंने कहा कि अभी कुछ मुद्दों पर मध्यस्थों के जरिए चर्चा जारी है और अगले तीन-चार दिनों में स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्टों के मुताबिक, बातचीत का केंद्र ईरान की ओर से प्रस्तावित 14 सूत्रीय दस्तावेज है, जिसे तेहरान वार्ता का मुख्य आधार मान रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *