ट्रंप की धमकी के बाद अमेरिका ने आज से होर्मुज पर नाकेबंदी लागू की, ईरान ने इसे बताया ‘बेतुका’…

अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने एक बयान में कहा कि वह राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की घोषणा के मुताबिक, 13 अप्रैल को स्थानीय समय के हिसाब से सुबह 10 बजे से ईरान के बंदरगाहों में आने-जाने वाले सभी समुद्री यातायात की नाकेबंदी करना शुरू कर देगी।

इससे पहले ट्रंप ने घोषणा की थी कि पाकिस्तान के इस्लामाबाद में अमेरिकी और ईरानी वार्ताकारों के बीच बातचीत का कोई नतीजा न निकलने के बाद अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट की नाकेबंदी की दिशा में आगे बढ़ेगा।

‘सभी देशों पर लागू होगी नाकाबंदी’

CENTCOM ने कहा, “यह नाकेबंदी ईरान के बंदरगाहों और तटीय इलाकों में आने या वहां से जाने वाले सभी देशों के जहाजों के खिलाफ निष्पक्ष रूप से लागू की जाएगी, जिसमें अरब खाड़ी और ओमान की खाड़ी पर स्थित ईरान के सभी बंदरगाह शामिल हैं।”

उसने आगे कहा, “CENTCOM की सेनाएं होर्मुज स्ट्रेट से होकर गैर-ईरानी बंदरगाहों की ओर आने-जाने वाले जहाजों के लिए नौवहन की स्वतंत्रता में कोई बाधा नहीं डालेंगी।”

ईरान ने इसे बताया बेतुका

वहीं, ईरान के नौसेना प्रमुख शहरम ईरानी ने रविवार को ट्रंप की होर्मुज की नाकेबंदी करने की धमकी को बेतुका बताया।

सरकारी टीवी के अनुसार, उन्होंने कहा, “ईरान के इस्लामी गणराज्य की सेना के नौसैनिक बल के बहादुर जवान इस क्षेत्र में आक्रामक अमेरिकी सेना की सभी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं और उनकी निगरानी कर रहे हैं। समुद्र में नाकेबंदी करने की अमेरिकी राष्ट्रपति की धमकियां… बहुत ही बेतुकी और हास्यास्पद हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *