“UPSC रिजल्ट के बाद वाराणसी और बिहार की दो महिला अभ्यर्थियों के बीच विवाद, अब सामने आई सच्चाई”…

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा घोषित परीक्षा परिणामों के बाद वाराणसी और बिहार की दो महिला अभ्यर्थियों के बीच उत्पन्न विवाद अब समाप्त हो गया है।

दरअसल, दोनों का नाम एक समान होने के कारण 301वीं रैंक को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई थी। वाराणसी (गाजीपुर में गांव) की आकांक्षा सिंह और बिहार के आरा की आकांक्षा सिंह (जो ब्रह्मेश्वर मुखिया की पोती हैं) के नामों के समानता ने मीडिया और सोशल मीडिया पर इस विषय को चर्चा का केंद्र बना दिया था।

आधिकारिक परिणामों की जांच में यह स्पष्ट हुआ कि वाराणसी की आकांक्षा सिंह ने 301वीं रैंक (रोल नंबर 0856794) प्राप्त की है, जबकि बिहार की आकांक्षा सिंह की वास्तविक रैंक 454 (रोल नंबर 1517936) बताई जा रही है। 

गाजीपुर की डाक्टर आकांक्षा ने इस मामले में अपने पक्ष में सबूत पेश किए हैं। दिल्ली में रहकर तैयारी कर रही गाजीपुर की डाक्टर आकांक्षा सिंह ने यूपीएससी से संपर्क कर अपना एडमिट कार्ड और अन्य दस्तावेज साझा किए।

डाक्टर आकांक्षा, जो गायनेकोलॉजिस्ट हैं और एम्स (AIIMS) पटना से मास्टर्स की डिग्री प्राप्त की है, ने एक वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि 301वीं रैंक उनकी है।

उन्होंने कहा, “मेरा नाम डाक्टर आकांक्षा सिंह है। मुझे यूपीएससी 2025 में 301वीं रैंक मिली है। मुझे पता चला है कि एक और लड़की यह रैंक क्लेम कर रही है। हकीकत एडमिट कार्ड के बारकोड से साफ हो जाएगी।”

जब दोनों आकांक्षा सिंह के एडमिट कार्ड की तुलना की गई, तो कुछ चौंकाने वाली बातें सामने आईं। गाजीपुर वाली आकांक्षा के एडमिट कार्ड पर रोल नंबर 0856794 लिखा है, और उनके एडमिट कार्ड के बारकोड को स्कैन करने पर भी वही रोल नंबर दिखाई दे रहा है।

वहीं, बिहार वाली आकांक्षा के एडमिट कार्ड पर भी बाहर से रोल नंबर 0856794 ही लिखा है, लेकिन जब उनके एडमिट कार्ड का बारकोड चेक किया गया, तो वहां नंबर अलग पाया गया।

दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच में गाजीपुर की डाक्टर आकांक्षा सिंह का दावा मजबूत नजर आ रहा है, क्योंकि उनके एडमिट कार्ड पर लिखा रोल नंबर और बारकोड का नंबर मेल खाता है।

वहीं, बिहार वाली आकांक्षा के एडमिट कार्ड और बारकोड के नंबरों में भिन्नता पाई गई है, जो उनके दावे की मजबूती को कमजोर कर रही है। हालांक‍ि चर्चा उनके भी पास होने की है लेक‍िन रोल नंबर की गुत्‍थी उलझने के बाद प्रकरण चर्चा में है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *