ब्रिटेन में एक संसदीय सीट के लिए कराए गए उपचुनाव में ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर एंडी बर्नहम की जीत से प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर की कुर्सी खतरे में पड़ सकती है।
चुनाव जीतने से बर्नहम इस स्थिति में पहुंच गए हैं, जिससे वह लेबर पार्टी में संकट का सामना कर रहे स्टार्मर को पीएम पद पर चुनौती दे सकते हैं।
देश में पिछले महीने हुए स्थानीय और क्षेत्रीय चुनावों में लेबर पार्टी को निराशाजनक परिणामों का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद पार्टी के अंदर स्टार्मर के इस्तीफे की मांग तेज हो गई और मामला इस हद तक बढ़ गया था कि स्वास्थ्य मंत्री वेस स्ट्रीटिंग समेत कई जूनियर मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया।
“किंग आफ द नार्थ” नाम से मशहूर 56 वर्षीय बर्नहम ने उत्तर-पश्चिम इंग्लैंड की मेकरफील्ड सीट के लिए हुए उपचुनाव में एंटी-इमीग्रेशन पार्टी “रिफार्म यूके” के राब केंयन को हराकर निर्णायक जीत हासिल की।
शुक्रवार को घोषित परिणाम में बर्नहम ने 55 प्रतिशत वोट हासिल किए। बर्नहम के लिए संसद पहुंचने का रास्ता प्रशस्त करने के लिए पिछले महीने लेबर सांसद जोश सिमंस ने संसद की सदस्यता छोड़ दी थी, जिसके बाद यह उपचुनाव कराया गया।
बर्नहम ने जीत के बाद अपने संबोधन में साफ कर दिया है कि वह देश का नेतृत्व करना चाहते हैं। 650 सदस्यीय हाउस आफ कामंस में लेबर पार्टी के 400 से ज्यादा सदस्यों में से केवल एक बनकर रहना नहीं है। उन्होंने कहा, “हर कोई जानता है कि राजनीति काम नहीं कर पा रही है। हर कोई महसूस कर सकता है कि देश उस स्थिति में नहीं है, जहां उसे होना चाहिए। यह एक अहम मोड़ हो सकता है।”
बर्नहम ने कहा कि देश की व्यवस्था में आमूलचूल परिवर्तन की जरूरत है। इधर, स्टार्मर ने एक्स पर एक पोस्ट में बर्नहम को जीत की बधाई दी। हालांकि स्टार्मर ने यह भी कहा कि वह उन्हें हटाने के प्रयासों का सामना करेंगे। उन्होंने कहा, “अगर लेबर नेतृत्व के लिए चुनाव होता है तो मैं लड़ूंगा, मैं खड़ा रहूंगा। मैं पीछे नहीं हटूंगा।”
लेबर पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन की उठ रही मांग
स्टार्मर के नेतृत्व में लेबर पार्टी ने 14 वर्ष बाद 2024 में देश की सत्ता में वापसी की थी। लेकिन बाद में उनकी लोकप्रियता में कमी आने लगी। अमेरिकी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन मामले में ब्रिटेन के पूर्व राजदूत पीटर मैंडेलसन का नाम आने और फिर देश के स्थानीय चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद स्टार्मर अपनी ही पार्टी में घिर गए और उनकी नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठने लगे।
तब से ही पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन की मांग उठ रही है। लेबर पार्टी के नेता के रूप में बर्नहम और स्ट्रीटिंग के अलावा पूर्व उप प्रधानमंत्री एंजेला रेनर के नाम सामने आ चुके हैं।