कॉमेडी के नाम पर विवाद: ‘370 की बिरयानी’ के बाद अब मधुर विरली के रेप पर किए गए मजाक से मचा बवाल…

स्टैंड अप कॉमेडी के नाम पर अश्लीलता को लेकर छिड़े विवाद में अब मधुर विरली का नाम और जुड़ गया है। हाल ही में 370 की बिरयानी विवाद के बाद एक और स्टैंड कॉमेडियन मधुर ने रेप पर भद्दा मजाक किया है, जिसको लेकर सोशल मीडिया पर उनकी ट्रोलिंग हो रही है।

रेप पीड़ितों के लिए यह सिर्फ एक विषय नहीं है बल्कि एक ऐसा सदमा है जो जिंदगी बदल देता है और इसमें डर, जबरदस्ती और लंबे समय तक रहने वाले मानसिक घाव शामिल होते हैं। फिर भी वायरल हो रहे एक पुराने स्टैंड-अप क्लिप में “रेप के बाद गले लगने” (cuddling) पर किए गए मजाक पर लोगों ने ठहाके लगाए। इसे देखकर कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि इतने दर्दनाक अनुभवों को मजाक या पंचलाइन में कैसे बदला जा रहा है।

सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए मधुर विरली

370 रुपये की बिरयानी विवाद के बीच स्टैंड-अप कॉमेडियन मधुर विरली के 2024 के शो ‘लव एंड लेटेक्स’ का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे रेप के बारे में टिप्पणी करते हुए दिख रहे हैं।

वीडियो में विरली ने रेप के मामलों पर ऐसा मजाक किया जो कई यूजर्स को बुरा लगा। यह क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गई और लोगों ने कहा कि हिंसा और ट्रॉमा जैसे विषयों का इस्तेमाल कॉमेडी के लिए नहीं किया जाना चाहिए।

विरली ने क्या कहा था?

क्लिप में विरली कहते हैं, “रेप के 10 मामलों में से नौ में सिर्फ रेप होता है, जबकि एक मामले में हमले के बाद हत्या भी हो जाती है। वह आगे बताते हैं कि ऐसे मामले में पीड़िता घटना के बाद आरोपी से “कडलिंग” (प्यार से गले लगने) के बारे में पूछ सकती है, जिससे आरोपी उसे चाकू मार देता है।”

विरली को यूजर्स ने लगाई लताड़

कई यूजर्स ने वीडियो में दर्शकों के रिएक्शन की भी आलोचना की। एक यूजर ने लिखा, “यह कोई समझदारी भरी राइटिंग या हटकर कॉमेडी नहीं है। यह नुकसानदायक है। जब मजाक में कुछ खास तरह के लोगों को नीचा दिखाने को सामान्य मान लिया जाता है तो समाज पर इसका ऐसा असर पड़ता है जिसका हमें उस समय पता भी नहीं चलता।”

एक और यूजर ने कहा, “हैरान करने वाली बात मजाक नहीं है, बल्कि दर्शकों का रिएक्शन है जो वहां बैठकर हंसने की हिम्मत कर गए।”

विरली ने नहीं दिया कोई रिएक्शन

विरली ने आलोचना का कोई जवाब नहीं दिया है और क्लिप के दोबारा सामने आने के बाद से अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स को डीएक्टिवेट कर दिया है। दिल्ली के रहने वाले इस कॉमेडियन ने कॉमेडी में आने से पहले इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी।

यह विरोध ऐसे समय में हो रहा है जब कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो की एक क्लिप पर पहले ही ऑनलाइन तीखी प्रतिक्रियाएं आ चुकी थीं। वीडियो में मुंबई के KEM हॉस्पिटल में काम करने वाली एमबीबीएस स्टूडेंट सेजल पवार मेडिकल पढ़ाई में इस्तेमाल होने वाली डेड बॉडीज (कैडेवर) के साथ अपने अनुभव के बारे में बात करती हुई दिख रही हैं।

वह डिसेक्शन के दौरान शरीर के अंगों को काटे जाने के बारे में बात करती हैं और फिर पुरुष डेड बॉडीज के प्राइवेट पार्ट्स की तुलना करने को लेकर मजाक भी करती हैं।

मोरे के शो का एक और वीडियो भी वायरल हुआ। इस क्लिप में ऑडियंस में मौजूद वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा ने अपनी हालिया डेट के बारे में एक कहानी सुनाई।

उन्होंने कहा कि उन्होंने चिकन बिरयानी पर लगभग 370 रुपये खर्च किए थे और बाद में जब महिला ने उन्हें घर छोड़ने के लिए कहा तो वे अपने पैसे वसूल करना चाहते थे। इस बात का मतलब यह निकाला गया कि खाना खिलाने के बदले उन्हें शारीरिक संबंध बनाने का हक मिल गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *