रिकार्ड गर्मी से जूझ चुके यूरोप में इस सप्ताह फिर भीषण हीटवेव दस्तक देने जा रही है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, लंबे समय से जारी सूखे के बीच तापमान तेजी से बढ़ने से जंगलों में आग का खतरा और गंभीर हो सकता है।
मई के बाद यह यूरोप में पांचवीं बड़ी हीटवेव होगी। महाद्वीप के बड़े हिस्से में उच्च दबाव का क्षेत्र यानी ‘हीट डोम’ मजबूत हो रहा है।
शुरुआत में फ्रांस, स्पेन और इटली के कई हिस्सों में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ेगी। इसके बाद इसका असर मध्य यूरोप की ओर बढ़ेगा, जहां जर्मनी, पोलैंड और चेक गणराज्य में भी तापमान काफी ऊंचा रहने का अनुमान है।
यूरोपीय संघ की जलवायु निगरानी सेवा कापरनिकस के मुताबिक, पश्चिमी यूरोप में जून से जुलाई तक का औसत तापमान रिकार्ड स्तर पर रहा। इस दौरान औसत तापमान 21.62 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.79 डिग्री अधिक है।
यूरोपीय वन अग्नि सूचना प्रणाली के अनुसार, दक्षिणी ब्रिटेन, उत्तर-पश्चिमी फ्रांस और आल्प्स से बाल्कन तक के इलाकों में बुधवार तक जंगलों में आग का खतरा ‘बेहद गंभीर’ श्रेणी में रह सकता है। फ्रांस तथा पश्चिमी बाल्कन के कई हिस्सों में भी आग का खतरा है।