असम के कामरूप ग्रामीण जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रंगिया रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल के कमरे में 22 वर्षीय युवक ने चरित्र पर शक के चलते अपनी 23 वर्षीय प्रेमिका की कैंची और टेस्टर गोदकर हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुदकुशी करने की कोशिश भी की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
होटल के कमरे में मिला शव
पुलिस के अनुसार, मृतिका की पहचान सोनितपुर जिले के हुगराजूली निवासी मालिनी गुरिया के रूप में हुई है। वहीं आरोपी युवक की पहचान उदलगुरी निवासी अभिजीत किंडो के तौर पर की गई है।
रविवार सुबह रंगिया पुलिस को रेलवे इंस्पेक्टर के जरिए होटल में वारदात की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को कमरे के अंदर मालिनी का खून से लथपथ शव मिला, जिसके शरीर पर कैंची और नुकीले औजार से वार के कई गंभीर निशान थे।
आरोपी अभिजीत भी उसी कमरे में घायल अवस्था में पड़ा था। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
पहले से ही रची गई थी हत्या की साजिश
शुरुआती जांच में सामने आया है कि मालिनी शनिवार रात अपनी दो सहेलियों के साथ चेन्नई से रंगिया स्टेशन पहुंची थी, जहां अभिजीत उन्हें लेने आया था। होटल में अभिजीत ने अपने लिए अलग कमरा बुक कराया था, लेकिन देर रात वह मालिनी के कमरे में चला गया।
हिरासत में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पत्रकारों को बताया कि उसे मालिनी पर किसी अन्य पुरुष से बात करने और धोखा देने का शक था।
आरोपी के अनुसार, उसने स्टेशन पहुंचने से पहले ही मालिनी की हत्या की योजना बना ली थी। रविवार सुबह आरोपी मालिनी की सहेलियों को फोन करके बताया कि उसने मालिनी की हत्या कर दी है और अब वह खुद भी जान देने जा रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही गुवाहाटी से फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है। मृतिका के परिजनों को पुलिस ने सूचित कर दिया है।
वहीं पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के बयानों के आधार पर मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है कि ताकि हत्या के सटीक कारणों और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके।