असम के श्रीभूमि जिले के मदनमोहन इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आठ वर्षीय एक बच्ची का अपहरण कर दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने एक किशोर को आरोपी के रूप में गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को बच्ची खेलने के लिए घर से बाहर निकली थी। आरोपी, जो परिवार से परिचित था, उसे जंगल में ले गया। वहां उसने बच्ची को पहले हाथों से घोंटकर और फिर उसके ही फ्रॉक से गला घोंटकर मार डाला।
आरोपी ने हत्या की बात तो स्वीकार की, लेकिन दुष्कर्म से इनकार किया। बच्ची का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मामले की पूरी तस्वीर साफ होगी।
आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या), 141 (अपहरण), 65(2) (12 वर्ष से कम उम्र की बच्ची के साथ दुष्कर्म) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी खुद को 18 वर्ष से कम उम्र का बता रहा है, जिसकी जांच चल रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठाए और दोषी को सख्त सजा देने की मांग की। उच्च पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद सड़कें खाली कराई गईं।