जी 7 देशों के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए सोमवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फ्रांस के फ्रेंच एल्प्स पहुंच गए। ट्रंप ईरान युद्ध खत्म होने के एलान के बाद फ्रांस पहुंचे हैं, इसलिए उनका यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ईरान युद्ध के चलते कई महीनों से होर्मुज स्ट्रेट से मालवाही जहाजों का आवागमन बंद था जिसके कारण वैश्विक अर्थव्यवस्था में मंदी की स्थिति आ गई है। जी 7 देशों के नेताओं का सम्मेलन फ्रांस के एवियान-ले-बां में हो रहा है। यहां पर ईरान युद्ध और उसके दुष्प्रभावों पर भी चर्चा होनी थी।
अब दुष्प्रभावों के साथ अन्य वैश्विक मसलों पर संपन्न राष्ट्र विचार-विमर्श होगा। चूंकि ईरान पर हमले को ब्रिटेन, फ्रांस, इटली और जर्मनी ने सही नहीं मानते हुए युद्ध में अमेरिका का साथ देने से इन्कार कर दिया था। उसके बाद ट्रंप ने बुरा मानते हुए इन देशों के खिलाफ कड़ी बयानबाजी की थी।
इससे पैदा हुई कड़वाहट के बीच ट्रंप पहली बार इन देशों के नेताओं से मिल रहे हैं। चूंकि ईरान युद्ध को खत्म करने पर दोनों पक्षों में सहमति बन गई है, इसलिए सम्मेलन में कड़वाहट में कमी आने के आसार हैं।
सम्मेलन में ट्रंप ईरान युद्ध को लेकर अपने निर्णय को सही ठहराने की कोशिश करेंगे और वहां पर जीत का दावा भी करेंगे। इस बीच फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि ईरान युद्ध खत्म करने का समझौता होने के बाद फ्रांसीसी नौसेना स्थितियों को सामान्य बनाने के लिए बहुत तेजी के साथ सहयोग देने के लिए तैयार है।