शेयर बाजार ने इस साल अब तक नेगेटिव रिटर्न दिया है लेकिन इस गिरावट में अदाणी समूह के दो शेयरों ने दम दिखाया है।
अदाणी एंटरप्राइजेज और अदाणी पोर्ट्स इस साल निफ्टी में सबसे बड़े वैल्थ क्रिएटर शेयरों में से एक बनकर उभरे हैं। इन दोनों शेयरों ने बाजार में हुई भारी गिरावट के बावजूद निवेशकों की संपत्ति में 1.3 लाख करोड़ रुपये से अधिक का इजाफा किया है।
Ace Equity के डेटा के अनुसार, इस साल अदाणी पोर्ट्स के मार्केट कैप में लगभग 69,764 करोड़ रुपये और अदाणी एंटरप्राइजेज के मार्केट कैप में 62,560 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। कुल मिलाकर इन दोनों ने 1.33 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति बनाई है। इस साल इन दोनों ही शेयरों में 20% से ज्यादा का उछाल आया है।
अदाणी एंटरप्राइजेज और पोर्ट शेयरों का रिटर्न
अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयरों ने पिछले 6 महीनों में 13 प्रतिशत और अदाणी पोर्ट्स ने 20 फीसदी रिटर्न डिलीवर किया है। 1 जनवरी को अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयरों की कीमत 1481 रुपये थी और अब भाव 1782 रुपये है। वहीं, अदाणी पोर्ट के एक शेयर का प्राइस 1 जनवरी को 2260 रुपये था और अब कीमत 2714 रुपये है।
अदाणी के शेयरों में तेजी के 3 बड़े कारण
मजबूत बिजनेस और ऑपरेशंस: अदाणी पोर्ट्स के कार्गो वॉल्यूम में 13% की सालाना वृद्धि हुई है और इसका लॉजिस्टिक्स बिजनेस बहुत तेजी से बढ़ रहा है। वहीं, ‘अदाणी एंटरप्राइजेज’ को एयरपोर्ट, डेटा सेंटर, कॉपर और ग्रीन एनर्जी के कारोबार में आ रही तेज ग्रोथ का सीधा फायदा मिल रहा है।
कानूनी केसों से राहत: हाल ही में अमेरिकी न्याय विभाग ने गौतम अदाणी और सागर अदाणी पर लगाए गए धोखाधड़ी के आपराधिक आरोपों को वापस ले लिया है। इस फैसले ने हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद से कंपनी पर मंडरा रहे सबसे बड़े कानूनी संकट को खत्म कर दिया है।
विदेशी निवेशकों का बढ़ता भरोसा: कैपिटल ग्रुप और जीक्यूजी पार्टनर्स ग्लोबल निवेशकों ने अदाणी ग्रुप में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। हाल ही में कैपिटल ग्रुप ने अदाणी की तीन कंपनियों में 2 अरब डॉलर (लगभग 16,600 करोड़ रुपये) का निवेश किया है।
कैपिटल ग्रुप, दुनिया की सबसे बड़ी इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट फर्मों में से एक है। खास बात है कि इस समूह ने मुकेश अंबानी और गौतम अदाणी, दोनों की कंपनियों में निवेश कर रखा है लेकिन अब कैपिटल ग्रुप, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में अपनी हिस्सेदारी धीरे-धीरे कम कर रहा है और अदाणी समूह में अपने निवेश को बढ़ा रहा है।
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)